बिलासपुर। ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को अब रात के समय मोबाइल चार्जिंग की सुविधा से वंचित रहना पड़ेगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने कोचों में लगे मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के चार्जिंग पॉइंट रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक बंद रखने का निर्णय लिया है। रेलवे ने इसे विद्युत उपकरणों की सुरक्षा से जुड़ा कदम बताया है, लेकिन इस फैसले ने यात्रियों की सुविधा और आपातकालीन जरूरतों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि सुरक्षा के नाम पर छह घंटे तक चार्जिंग सुविधा बंद करना कितना व्यावहारिक है?
आज मोबाइल फोन केवल बातचीत का साधन नहीं, बल्कि यात्रा के दौरान सुरक्षा और संपर्क का महत्वपूर्ण माध्यम है। टिकट की जानकारी, ऑनलाइन भुगतान, लोकेशन साझा करने, परिजनों से संपर्क और आपातकालीन सहायता के लिए यात्री मोबाइल पर निर्भर हैं। ऐसे में रात के सफर में किसी यात्री की बैटरी खत्म हो जाए तो वह फोन कैसे चार्ज करेगा? क्या रेलवे ने इसके लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की है?
सबसे गंभीर स्थिति तब बन सकती है, जब रात में ट्रेन में कोई दुर्घटना, तबीयत बिगड़ने या अन्य आपातकालीन घटना हो जाए। ऐसी स्थिति में परिजनों, रेलवे हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करना जरूरी हो सकता है। लेकिन मोबाइल की बैटरी खत्म होने और चार्जिंग पॉइंट बंद रहने पर यात्री मुश्किल में पड़ सकता है। रेलवे को स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसी परिस्थितियों में चार्जिंग की सुविधा कैसे मिलेगी।
इस फैसले का असर महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा पर भी पड़ सकता है। बड़ी संख्या में महिलाएं रात में अकेले या परिवार के साथ लंबी दूरी का सफर करती हैं। उनके लिए मोबाइल परिजनों से संपर्क बनाए रखने, लोकेशन साझा करने और जरूरत पड़ने पर मदद मांगने का अहम माध्यम है। ऐसे में छह घंटे तक चार्जिंग सुविधा बंद रहने से उनकी परेशानी बढ़ सकती है।
रेलवे का तर्क है कि यह निर्णय विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग को ध्यान में रखकर लिया गया है। लेकिन सवाल है कि क्या सुरक्षा सुनिश्चित करने का एकमात्र रास्ता चार्जिंग पॉइंट बंद करना ही है? क्या तकनीकी निगरानी और सुरक्षित चार्जिंग सिस्टम जैसे विकल्पों पर विचार नहीं किया जा सकता? यात्रियों की सुरक्षा के लिए नियम बनाना जरूरी है, लेकिन उनकी व्यावहारिक जरूरतों और आपातकालीन परिस्थितियों को नजरअंदाज करना भी उचित नहीं है।
सुरक्षा के नाम पर सुविधा बंद करना आसान है, लेकिन आपात स्थिति में यात्रियों की जरूरतों का समाधान देना भी रेलवे की जिम्मेदारी है। रेलवे को स्पष्ट करना चाहिए कि रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग पॉइंट बंद रहने के दौरान यात्रियों, विशेषकर महिला यात्रियों को आपातकाल में मोबाइल चार्ज करने की सुविधा कैसे मिलेगी। आखिर मदद की जरूरत के समय मोबाइल की बैटरी खत्म हो जाए तो यात्री किसके भरोसे रहेगा।

