तवांग तीर्थ यात्रा में छत्तीसगढ़ की अगुवाई करेगा बिलासपुर.. प्रदेश के सभी 6 प्रतिनिधि शहर से, 19 नवंबर से यात्रा का आगाज..

देशभर से 250 यात्री होंगे शामिल, गुवाहाटी से शुरू होकर तवांग और भारत-तिब्बत सीमा तक पहुंचेगी यात्रा.. राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और सीमावर्ती क्षेत्रों के सम्मान का दिया जाएगा संदेश।

बिलासपुर। भारत-तिब्बत सहयोग मंच के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 15वीं ऐतिहासिक तवांग तीर्थ यात्रा का शुभारंभ 19 नवंबर से होने जा रहा है। 25 नवंबर तक चलने वाली सात दिवसीय इस यात्रा में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 250 महिला एवं पुरुष यात्री शामिल होंगे। खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ से यात्रा में शामिल होने वाले सभी छह प्रतिनिधि बिलासपुर के हैं। यात्रा गुवाहाटी से शुरू होकर असम और अरुणाचल प्रदेश के विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों से गुजरते हुए 25 नवंबर को गुवाहाटी में ही संपन्न होगी।

यात्रा के संयोजक एवं मंच के प्रांत महामंत्री दिलेंद्र कौशिल ने बताया कि इस ऐतिहासिक यात्रा की शुरुआत वर्ष 2012 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार के मार्गदर्शन में की गई थी। इसका उद्देश्य केवल धार्मिक स्थलों के दर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता, सीमावर्ती क्षेत्रों के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना भी है। हर वर्ष आयोजित होने वाली यह यात्रा देश के विभिन्न हिस्सों से लोगों को जोड़ने का माध्यम बन रही है।

बिलासपुर से शामिल होंगे ये छह प्रतिनिधि..

इस वर्ष छत्तीसगढ़ से यात्रा में शामिल होने वाले छह प्रतिनिधि बिलासपुर के हैं। इनमें डॉ. सोमनाथ यादव, महेश श्रीवास, रामेश्वर गुप्ता, अनूप श्रीवास, भगवंत राव शिंदे और यात्रा संयोजक दिलेंद्र कौशिल शामिल हैं। सभी प्रतिनिधि सात दिवसीय यात्रा के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे और निर्धारित कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।

कामाख्या दर्शन से शुरू होगी यात्रा, तवांग में होगा शांति मार्च..

यात्रा का शुभारंभ 19 नवंबर को गुवाहाटी में मां कामाख्या देवी के दर्शन के साथ होगा। इसके बाद स्थानीय भ्रमण, यात्रियों का परिचय और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 20 नवंबर को यात्री बोमडिला पहुंचेंगे, जहां भगवान शिव, भैरव और अनिरुद्ध जी के दर्शन के साथ स्थानीय भ्रमण होगा। 21 नवंबर को तवांग के लिए प्रस्थान के दौरान प्रसिद्ध सेला दर्रा सहित प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया जाएगा।

22 नवंबर को यात्रा दल बुमला पहुंचेगा। यहां बुद्ध मंदिर, बुमला दर्रा और नानक लामा गुरुद्वारा के दर्शन किए जाएंगे। इसके साथ ही भारत-तिब्बत सीमा का भ्रमण, धरती पूजन, माधुरी झील के दर्शन और लाइट एंड साउंड शो का कार्यक्रम भी निर्धारित है। 23 नवंबर को तवांग मठ के दर्शन के बाद शांति मार्च, राष्ट्रीय सेमिनार और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दिन यात्रा के माध्यम से शांति, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा।

24 नवंबर को यात्रा दल दिरांग जलप्रपात, सेला टनल और जसवंतगढ़ युद्ध स्मारक का भ्रमण करेगा। इसके बाद रात्रि विश्राम होगा। यात्रा के अंतिम दिन 25 नवंबर को शेरगांव, कालक्तंग और भूटान सीमा क्षेत्र का भ्रमण करने के बाद शाम को गुवाहाटी वापसी होगी। इसी के साथ सात दिवसीय तवांग तीर्थ यात्रा का समापन होगा।

 

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles