बिलासपुर। वैवाहिक रिश्ते में तलाक की नौबत के बीच अजन्मा बच्चा बाधा न बने, इसलिए पत्नी का कथित तौर पर जबरन गर्भपात कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने तीन माह की गर्भवती पत्नी को रूटीन मेडिकल जांच कराने के बहाने अस्पताल पहुंचाया और वहां उसकी मर्जी के बिना गर्भपात करा दिया। पीड़िता की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और जेपी अस्पताल की संचालक डॉ. उज्ज्वला कराड़े के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच करते हुए अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड और गर्भपात से संबंधित सहमति के दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
दरअसल, कोरबा निवासी सुयश अग्रवाल की शादी इसी साल 26 अप्रैल को आकांक्षा अग्रवाल के साथ हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति उस पर तलाक लेने का दबाव बनाने लगा था। इसी बीच वह गर्भवती हो गई और करीब तीन महीने का गर्भ ठहर गया। आरोप है कि पति नहीं चाहता था कि गर्भ में पल रहा बच्चा तलाक की प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा बने। इसी मंशा से गर्भपात कराने की योजना बनाई गई।

पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, सबसे पहले अपोलो अस्पताल में गर्भपात कराने की कोशिश की गई, लेकिन वहां इस प्रक्रिया से इनकार कर दिया गया। इसके बाद 13 नवंबर को पति उसे रूटीन जांच कराने के बहाने सिरगिट्टी स्थित जेपी अस्पताल लेकर पहुंचा। आरोप है कि अस्पताल में उसे बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया और इसी दौरान कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए। इसके बाद उसकी इच्छा और वास्तविक सहमति के बिना गर्भपात कर दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि उसे अस्पताल ले जाते समय भी इस बात की जानकारी नहीं थी कि उसके साथ क्या होने वाला है।
घटना के बाद पीड़िता ने सिरगिट्टी थाने पहुंचकर पति और अस्पताल संचालक डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने पूरी घटना का उल्लेख करते हुए बिना सहमति गर्भपात कराए जाने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और जेपी अस्पताल की संचालक डॉ. उज्ज्वला कराड़े के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंकज कुमार पटेल (ASP, बिलासपुर)

