बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत और यादव समाज के गौरवशाली शौर्य की पहचान रावत नृत्य का उत्सव एक बार फिर मस्तूरी की धरती पर भव्य रूप लेने जा रहा है। ढोल-मांदर की थाप, पारंपरिक वेशभूषा, कदमों की थिरकन और शस्त्रों के रोमांचक प्रदर्शन के बीच 27 नवंबर को 13वें रावत शौर्य नृत्य महोत्सव का आयोजन होगा। रावत नाच महोत्सव समिति एवं बिलासपुर जिला यादव समाज (मस्तूरी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचने वाले रावत नर्तक दल अपनी कला, कौशल और शौर्य का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम शाम 6 बजे से शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक शाला मैदान, मस्तूरी में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर समिति और यादव समाज के पदाधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
नर्तक दलों के लिए आकर्षक पुरस्कार, प्रथम विजेता को मिलेंगे 15 हजार..
इस बार महोत्सव में प्रतिस्पर्धा को और रोमांचक बनाने के लिए नर्तक दलों के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार और रनिंग शील्ड की व्यवस्था की गई है। महोत्सव के संयोजक दिलीप यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल को 15 हजार रुपये नकद एवं रनिंग शील्ड प्रदान की जाएगी। द्वितीय स्थान पर रहने वाले दल को 11 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दल को 9 हजार रुपये के साथ रनिंग शील्ड दी जाएगी। वहीं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले दो दलों को 7-7 हजार रुपये तथा पंचम स्थान प्राप्त करने वाले तीन दलों को 5-5 हजार रुपये नकद एवं रनिंग शील्ड से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा छठवें, सातवें और आठवें स्थान पर रहने वाले दलों को भी नकद पुरस्कार और रनिंग शील्ड प्रदान की जाएगी।

नृत्य के साथ शस्त्र कौशल का भी दिखेगा रोमांच..
महोत्सव का आकर्षण केवल सामूहिक नृत्य तक सीमित नहीं रहेगा। प्रतियोगिता में व्यक्तिगत प्रतिभा को भी विशेष स्थान दिया गया है। उत्कृष्ट नृत्य कला का प्रदर्शन करने वाले कलाकारों के साथ पारंपरिक शस्त्रों के शानदार प्रदर्शन से अपनी प्रतिभा दिखाने वाले प्रतिभागियों को भी विशेष नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। रावत नृत्य की पारंपरिक शैली, वेशभूषा, लोकवाद्य और शौर्यपूर्ण प्रस्तुतियां दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेंगी। आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि यादव समाज की गौरवशाली परंपरा और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है।
जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रमुख लोगों की रहेगी मौजूदगी..
13वें रावत शौर्य नृत्य महोत्सव में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ शासन के अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सोमनाथ यादव करेंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, पूर्व पार्षद शिवप्रताप साव, जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत, जिला पंचायत सभापति अरुणा सूर्या, जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष विनोद सिंह ठाकुर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष नीतेश सिंह ठाकुर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भोलाराम साहू शामिल होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत सदस्य देवेंद्र कृष्णन, प्रभारी सरपंच मीना कुर्रे और पंचायत प्रतिनिधि योगेन्द्र सिंह उपस्थित रहेंगे।
आयोजन को भव्य बनाने में जुटी समिति..
महोत्सव को यादगार और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए आयोजन समिति के पदाधिकारी और सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। समिति के अध्यक्ष कन्हैया यादव, संयोजक दिलीप यादव, उपाध्यक्ष राहुल यादव, कृष्णा यादव, मनोज यादव, धर्मेंद्र यादव और शुभम यादव सहित यादव समाज के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगे हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में नर्तक दल, समाज के प्रतिनिधि और लोककला प्रेमी महोत्सव में शामिल होंगे। मस्तूरी में आयोजित होने वाला यह महोत्सव लोकपरंपरा, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक गौरव का भव्य उत्सव बनने जा रहा है।

