तखतपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव के जन्मदिन पर आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह में विकास कार्यों की सौगात के बीच भोजन वितरण को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने बासी खाना बांटने का आरोप लगाते हुए जमकर नाराजगी जताई। घटना से आयोजन की व्यवस्थाओं और भोजन की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
दरअसल, तखतपुर विधानसभा क्षेत्र में उपमुख्यमंत्री अरुण साव के जन्मदिन के अवसर पर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान 4 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से बनने वाले शासकीय कन्या महाविद्यालय और 3 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से बमबम घाट बरेला पुल निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में नागरिक अभिनंदन समारोह भी आयोजित हुआ।
आयोजन में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी बीच भोजन वितरण के दौरान अव्यवस्था को लेकर नाराजगी सामने आई। लोगों का आरोप है कि उन्हें बासी भोजन परोसा गया। सामने आए वीडियो में भोजन जमीन पर बिखरा दिखाई दे रहा है। घटना के बाद आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर लोगों ने सवाल उठाए हैं। विकास कार्यों की शुरुआत और नागरिक अभिनंदन के बीच भोजन की गुणवत्ता को लेकर उठा यह विवाद अब चर्चा का विषय बन गया है।

