बिलासपुर। अरुणाचल प्रदेश के तवांग से करीब 15,200 फीट की ऊंचाई पर स्थित ऐतिहासिक बुम ला दर्रे में बर्फीली हवाओं और कड़ाके की ठंड के बीच जब तिरंगा लहराया तो वहां मौजूद लोगों का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। भारत-तिब्बत (चीन) सीमा के निकट इस दुर्गम स्थल पर बिलासपुर के छह लोगों ने राष्ट्रध्वज फहराकर देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का अनूठा अनुभव किया। इनमें बिलासा कला मंच के संस्थापक डॉ. सोमनाथ यादव, महेश श्रीवास, रामेश्वर गुप्ता, अनूप श्रीवास, भगवंत राव शिंदे और दिलेंद्र कौशिल शामिल हैं। सभी भारत-तिब्बत सहयोग मंच द्वारा आयोजित तवांग तीर्थ यात्रा में शामिल हैं।

डॉ. सोमनाथ यादव ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि तवांग से बुम ला दर्रे तक का सफर रोमांच, चुनौती और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है। रास्ते में ऊंचे पहाड़, गहरी खाइयां, घुमावदार सड़कें और बर्फ से ढकी चोटियां यात्रा को यादगार बना देती हैं। जैसे-जैसे ऊंचाई बढ़ती है, ऑक्सीजन का स्तर कम होने लगता है और ठंड का असर भी बेहद तेज हो जाता है। बुम ला पहुंचने पर तेज बर्फीली हवाएं और जमा देने वाला तापमान इस दुर्गम क्षेत्र की कठिन परिस्थितियों का एहसास कराते हैं, लेकिन इसी बीच तिरंगा फहराने का क्षण हर कठिनाई को भुलाकर गर्व और रोमांच से भर देता है।

डॉ. यादव ने बताया कि बुम ला दर्रे से भारत और चीन की सीमा को करीब से देखना अपने आप में एक अनूठा अनुभव है। यहां मौजूद ‘हीप ऑफ स्टोन्स’ यानी पत्थरों का ढेर भी विशेष आकर्षण का केंद्र है, जहां दोनों देशों के सैनिकों के बीच मैत्रीपूर्ण बैठकें होती हैं। इस यात्रा के दौरान सबसे भावुक कर देने वाला अनुभव भारतीय सेना के जवानों को कठिन मौसम में पूरी मुस्तैदी से देश की सीमाओं की रक्षा करते देखना रहा। जिस कड़ाके की ठंड में आम लोगों का कुछ मिनट खड़े रहना मुश्किल हो जाता है, वहां हमारे जवान पूरे साहस, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। उनके चेहरे पर मुस्कान और देश के प्रति अटूट निष्ठा देखकर हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा हो जाता है।

