छत्तीसगढ़ प्रशासन में बड़ा प्रमोशन.. सुबोध कुमार सिंह और निहारिका बारिक बने अपर मुख्य सचिव..

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के वर्ष 1997 बैच के दो वरिष्ठ अधिकारियों को एपेक्स वेतनमान में पदोन्नति प्रदान की है। सुबोध कुमार सिंह और निहारिका बारिक को अपर मुख्य सचिव के पद पर पदोन्नत करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने 19 नवंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया है।

इस पदोन्नति के बाद राज्य के प्रशासनिक ढांचे में दोनों अधिकारियों की भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है। सुबोध कुमार सिंह को मुख्यमंत्री कार्यालय और ऊर्जा विभाग से जुड़ी अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि निहारिका बारिक गृह एवं जेल विभाग की कमान अपर मुख्य सचिव के रूप में संभालेंगी।

सुबोध कुमार सिंह को मुख्यमंत्री कार्यालय और ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी..

पदोन्नति के बाद सुबोध कुमार सिंह को अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री के पद पर नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें अपर मुख्य सचिव, ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वे छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के अध्यक्ष और प्रमुख आवासीय आयुक्त, छत्तीसगढ़ भवन, नई दिल्ली की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

इससे पहले सुबोध कुमार सिंह प्रमुख सचिव, मुख्यमंत्री के पद पर कार्यरत थे। उनके पास ऊर्जा विभाग, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ भवन, नई दिल्ली के प्रमुख आवासीय आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार था।

सुबोध कुमार सिंह को प्रशासनिक कामकाज में सुधार और विभिन्न विभागों में तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए जाना जाता रहा है। बिजली और खनन विभाग की व्यवस्थाओं को ऑनलाइन करने सहित कई तकनीकी और व्यवस्था संबंधी सुधारों में उनकी भूमिका रही है।

रायपुर और बिलासपुर में सिटी बस सेवा शुरू कराने में भी उनका योगदान रहा था। वहीं, राजस्व विभाग में सचिव के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने कम समय में कई सुधारात्मक पहल की थीं। प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के लिए उनके कार्यों का उल्लेख किया जाता रहा है।

निहारिका बारिक को गृह एवं जेल विभाग में पदोन्नति..

वहीं, वरिष्ठ IAS अधिकारी निहारिका बारिक को प्रमुख सचिव, गृह एवं जेल विभाग के पद से पदोन्नत कर अपर मुख्य सचिव, गृह एवं जेल विभाग नियुक्त किया गया है। पदोन्नति के बाद वे राज्य के गृह और जेल विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करेंगी।

भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) नई दिल्ली द्वारा 13 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार मुख्य सचिव वेतनमान में पदोन्नति के लिए दो रिक्तियों का निर्धारण किया गया था। इसी के अनुरूप छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने दोनों अधिकारियों को एपेक्स वेतनमान में पदोन्नति प्रदान करते हुए नवीन पदस्थापना आदेश जारी किया है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles