बिलासपुर के उद्यमियों को 193 करोड़ की वित्तीय सौगात, सेंट्रल बैंक ने 80 हितग्राहियों को दिए ऋण स्वीकृति पत्र..

बिलासपुर। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को प्रोत्साहित करने, स्थानीय उद्यमियों को वित्तीय सुविधाओं से जोड़ने और क्षेत्र में औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को नई गति देने के उद्देश्य से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने शुक्रवार को बिलासपुर में एमएसएमई मेगा आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया। लायंस क्लब, सीएमडी चौक स्थित परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बैंक ने 80 हितग्राहियों को कुल 193 करोड़ के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों के करीब 100 उद्यमियों एवं व्यवसायियों ने भाग लिया। इस दौरान बैंक की विभिन्न एमएसएमई ऋण योजनाओं, वित्तीय उत्पादों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई, ताकि उद्यमियों को उनकी व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुरूप वित्तीय सहायता मिल सके।

कार्यक्रम में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, मुंबई मुख्यालय की मुख्य महाप्रबंधक कविता ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, बिलासपुर की महाप्रबंधक कविता दार्रो तथा जिला उद्योग संघ, बिलासपुर के अध्यक्ष सतीश शाह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बैंक के पुराने एवं प्रतिष्ठित ग्राहकों का सम्मान समारोह रहा। मुख्य महाप्रबंधक कविता ठाकुर ने शॉल एवं श्रीफल भेंट कर रुक्मणी पावर प्राइवेट लिमिटेड के संजय अग्रवाल, आधारशिला बिल्डर्स के अजय श्रीवास्तव, मनजीत सिंह गुंबर, गुरप्रीत सिंह, अमरेश मेहता, होटल जी.के. टाउनशिप के गोपाल अग्रवाल तथा श्याम ग्रुप ऑफ कंपनीज के निदेशक रमेश सुल्तानिया को सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक कविता ठाकुर ने उद्यमियों एवं अतिथियों को संबोधित करते हुए बैंक की विभिन्न एमएसएमई योजनाओं और वित्तीय सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया उद्यमियों के व्यवसाय विस्तार, आधुनिकीकरण और नई परियोजनाओं के लिए एक विश्वसनीय वित्तीय सहयोगी के रूप में हमेशा तत्पर है। उन्होंने बैंक एवं ग्राहकों के बीच वर्षों से कायम विश्वासपूर्ण संबंधों को बैंक की महत्वपूर्ण पूंजी बताया।

कार्यक्रम का आयोजन रायपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख प्रफुल्ल बंसल के नेतृत्व तथा रायपुर क्षेत्र के मुख्य प्रबंधक पवन कुमार के समन्वय में किया गया। इस अवसर पर रायपुर क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी एवं बिलासपुर क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रमुख उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बैंक की अधिकारी पल्लवी तिवारी ने किया। समापन अवसर पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बिलासपुर मुख्य शाखा के शाखा प्रमुख सरोज कांता स्वैन ने सभी अतिथियों, उद्यमियों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बिलासपुर मुख्य शाखा के ब्रांच पीआरओ कमलेश अग्रवाल ने बताया कि बैंक का उद्देश्य केवल ऋण उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उद्यमियों के साथ दीर्घकालीन एवं विश्वासपूर्ण संबंध स्थापित कर उनके व्यावसायिक विकास में सहभागी बनना है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था, औद्योगिक विकास एवं रोजगार सृजन की महत्वपूर्ण आधारशिला है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया भविष्य में भी नए एवं स्थापित उद्यमियों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सरल, सुलभ एवं समयबद्ध वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles