बिलासपुर। रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में बंडामुंडा केबिन-ए से राउरकेला सेक्शन के बीच पांचवीं रेल लाइन का काम किया जाएगा। इसके लिए रेलवे ने नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य और ट्रैफिक ब्लॉक लेने का फैसला किया है। इस काम के चलते छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होगा।
25 सितंबर से 14 अक्टूबर तक अलग-अलग तारीखों में 18 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द रहेंगी। इनमें इतवारी-टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस, टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस, नांदेड़-सांतरागाछी एक्सप्रेस, हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस और हावड़ा-CSMT दुरंतो एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। ट्रेनें रद्द होने से छत्तीसगढ़ के साथ झारखंड, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और बिहार जाने वाले यात्रियों की यात्रा प्रभावित हो सकती है।
रेलवे के इस काम का असर 18477 उत्कल एक्सप्रेस पर भी पड़ेगा। यह ट्रेन कुछ तय तारीखों में अपने सामान्य रास्ते से नहीं चलेगी, बल्कि बदले हुए रूट से संचालित की जाएगी। इसलिए उत्कल एक्सप्रेस से सफर करने वाले यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन का नया रूट जरूर देख लेना चाहिए।
वहीं 12860 हावड़ा-CSMT गीतांजलि एक्सप्रेस 13 अक्टूबर को हावड़ा से अपने तय समय से दो घंटे देर से रवाना होगी। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें।
रेलवे के मुताबिक पांचवीं लाइन का काम पूरा होने के बाद इस रेल सेक्शन की क्षमता बढ़ेगी और ट्रेनों के संचालन में सुविधा होगी। लेकिन काम के दौरान यात्रियों को परेशानी से बचने के लिए अपनी ट्रेन के रद्द, डायवर्ट या देरी से चलने की जानकारी पहले ही जांचना जरूरी होगा।

