बिलासपुर स्टेशन पर SECR का पहला ‘इकोग्रीन ऑटो केयर’ शुरू… वॉशिंग के साथ पंचर और मामूली रिपेयरिंग भी।
बिलासपुर। बिलासपुर रेलवे स्टेशन आने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। अब स्टेशन की पार्किंग में वाहन खड़ा करने के साथ उसकी धुलाई और छोटी-मोटी मरम्मत भी कराई जा सकेगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर मंडल ने स्टेशन के कार पार्किंग परिसर में ‘इकोग्रीन ऑटो केयर’ नाम से आधुनिक वॉशिंग सेंटर शुरू किया है। यह दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का पहला वॉशिंग सेंटर है।
इस सुविधा से स्टेशन आने वाले यात्रियों के साथ शहर के वाहन मालिक भी लाभ ले सकेंगे। यहां कार, बाइक, स्कूटी, ऑटो सहित अलग-अलग वाहनों की वॉशिंग और क्लीनिंग की सुविधा बाजार की तुलना में किफायती दरों पर उपलब्ध होगी।
पार्किंग के साथ वॉशिंग, एक ही जगह कई सुविधाएं..
अब वाहन मालिकों को गाड़ी की सफाई के लिए स्टेशन से बाहर किसी वॉशिंग सेंटर की तलाश नहीं करनी पड़ेगी। वाहन पार्क करने के दौरान ही उसकी वॉशिंग कराई जा सकेगी। इससे यात्रियों का समय और मेहनत दोनों बचेंगे।
सिर्फ वॉशिंग ही नहीं, सेंटर में वाहनों के पंचर बनाने, मामूली रिपेयरिंग और छोटे स्पेयर पार्ट से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। जरूरत पड़ने पर सीट कवर, हेलमेट सहित अन्य उपयोगी सामान भी यहां मिल सकेगा।

आम वाहन मालिक भी उठा सकेंगे फायदा..
रेलवे की यह सुविधा केवल ट्रेन यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगी। शहर के आम वाहन मालिक भी अपने वाहन की वॉशिंग और क्लीनिंग करा सकेंगे। रेलवे का उद्देश्य स्टेशन परिसर में यात्रियों की जरूरत से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार करना है, ताकि उन्हें एक ही जगह पर अधिक से अधिक सेवाएं मिल सकें।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि बिलासपुर स्टेशन पर ‘इकोग्रीन ऑटो केयर’ की शुरुआत यात्रियों और वाहन मालिकों को बेहतर सुविधा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। पार्किंग के साथ वाहन वॉशिंग, पंचर, मामूली रिपेयरिंग और छोटे स्पेयर पार्ट की सुविधा मिलने से लोगों का समय और श्रम दोनों बचेंगे।
आगे उन्होंने बताया कि रेलवे का प्रयास है कि स्टेशनों पर यात्रियों की जरूरत के अनुसार आधुनिक, सुविधाजनक और किफायती सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जाएं। ‘इकोग्रीन ऑटो केयर’ इसी दिशा में एक नई सुविधा है, जिसका लाभ यात्रियों के साथ आम वाहन मालिक भी उठा सकेंगे।

