बिलासपुर। सोशल मीडिया मंच ‘हमर बिलासपुर’ द्वारा आयोजित ‘कौन बनेगा फुटबॉल सम्राट’ फाइनल प्रेडिक्शन प्रतियोगिता के विजेताओं का शुक्रवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विजेताओं को सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं। समारोह में शहर के गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी, सोशल मीडिया ग्रुप के सदस्य और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
फुटबॉल विश्व कप के फाइनल मुकाबले से पहले आयोजित इस प्रतियोगिता में 432 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इनमें 208 प्रतिभागियों ने स्पेन की जीत का अनुमान लगाया। वहीं, स्पेन की 90 मिनट में 1-0 से जीत का सटीक अनुमान लगाने वाले मनीष आकाशी, विकास चौबे, सुमित पाल सलूजा, एस.एस. ठाकुर, लवलीन सलूजा, अतुल पटेल, सुरेश निर्मलकर और उत्तम तिवारी विजेता बने। सभी विजेताओं को अमर अग्रवाल ने सम्मानित किया।

इस अवसर पर अमर अग्रवाल ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ समाज में सकारात्मक सोच और सहभागिता को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने ‘हमर बिलासपुर’ की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग समाज को जोड़ने और नई ऊर्जा देने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार एवं ग्रुप एडमिन रूद्र अवस्थी, पूर्व महापौर किशोर राय, अपोलो हॉस्पिटल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, भाजपा नेता अनिल दुआ सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और सोशल मीडिया के माध्यम से सकारात्मक माहौल बनाने की इस पहल की सराहना की।

डॉ. देवेंद्र सिंह ने कहा कि वे वर्ष 1982 से फुटबॉल से जुड़े रहे हैं। उनके अनुसार देश में फुटबॉल सहित अन्य खेलों के प्रति बढ़ता उत्साह स्वागतयोग्य है और ऐसे आयोजन खेल संस्कृति को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
सम्मान समारोह के बाद अमर अग्रवाल ने उपस्थित लोगों से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि बिलासपुर के विकास के लिए राज्य सरकार करीब दो से ढाई हजार करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘हमर बिलासपुर’ जैसे मंच नागरिकों को सकारात्मक संवाद का अवसर देते हैं और समाज को जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि होता है और जनविश्वास ही सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम के अंत में अमर अग्रवाल ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन खेल भावना, सहभागिता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा ही किसी भी आयोजन की वास्तविक सफलता होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने और बिलासपुर में खेल संस्कृति को नई पहचान देने का काम करेंगे।

