125 प्रशासनिक अफसरों का तबादला..बिलासपुर में बड़ा फेरबदल, तीन अधिकारियों की नई पदस्थापना..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल हुआ है। सामान्य प्रशासन विभाग ने 29 सितंबर को राज्य प्रशासनिक सेवा के 125 अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं का आदेश जारी किया है। इस सूची में बिलासपुर से जुड़े कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। कुछ अधिकारियों को दूसरे जिलों से बिलासपुर लाया गया है, जबकि बिलासपुर में पदस्थ एक अधिकारी को नवा रायपुर में नई जिम्मेदारी दी गई है।

तबादला आदेश के मुताबिक सीमा पात्रे को कोरबा कलेक्टर कार्यालय के वरिष्ठ श्रेणी के पद से स्थानांतरित कर बिलासपुर कलेक्टर कार्यालय में वरिष्ठ श्रेणी में पदस्थ किया गया है। इसी तरह महासमुंद कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ बजरंग सिंह वर्मा को बिलासपुर कलेक्टर कार्यालय भेजा गया है। डॉ. उमेश कुमार पटेल को भी कोरिया कलेक्टर कार्यालय से स्थानांतरित कर बिलासपुर कलेक्टर कार्यालय में वरिष्ठ श्रेणी के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं बिलासपुर में डिप्टी कलेक्टर के रूप में पदस्थ नितिन तिवारी का भी तबादला किया गया है। उन्हें नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) में प्रबंधक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश में राज्य के अलग-अलग जिलों और कार्यालयों में पदस्थ अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर सहित राज्य प्रशासनिक सेवा के अन्य अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं की गई हैं। आदेश के तहत अधिकारियों को प्रशासनिक आधार पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और उन्हें आगामी आदेश तक अपने नए पद पर कार्य करना होगा।

तबादले के बाद संबंधित अधिकारियों को नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण कर इसकी जानकारी शासन को देने के निर्देश दिए गए हैं। बिलासपुर से जुड़े इन बदलावों को जिला प्रशासन में महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल के तौर पर देखा जा रहा है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles