58 से बढ़कर 60 प्रतिशत हुआ महंगाई भत्ता और महंगाई राहत, 1 नवंबर से मिलेगा लाभ।
3.85 लाख कर्मचारी और 1.50 लाख पेंशनर होंगे लाभान्वित, सरकार पर हर महीने 36 करोड़ का अतिरिक्त भार।
रायपुर। दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के लाखों शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। इस फैसले के बाद कर्मचारियों और पेंशनरों को अब 58 प्रतिशत के बजाय 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत मिलेगी। बढ़ी हुई दर 1 नवंबर 2026 से लागू होगी।
राज्य सरकार के इस फैसले से प्रदेश के करीब 3 लाख 85 हजार शासकीय कर्मचारी और 1 लाख 50 हजार पेंशनर लाभान्वित होंगे। महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में इस बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर हर महीने करीब 36 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। वहीं, सालाना अतिरिक्त खर्च 432 करोड़ रुपये तक पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों को लेकर संवेदनशील है। दीपावली से पहले लिया गया यह निर्णय उन्हें आर्थिक राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में बढ़ोतरी से कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक सहारा मिलेगा तथा उनके परिवारों में त्योहार की खुशियां और बढ़ेंगी।

