28-29 अक्टूबर को भारी बारिश की आशंका, नदी किनारे रहने वालों को अलर्ट रहने की सलाह।
नहाने, मछली पकड़ने और मवेशियों को नदी तक ले जाने से बचें, जल संसाधन विभाग ने जारी की अपील।
बिलासपुर। दो दिन भारी बारिश की आशंका के बीच अरपा नदी के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। 28 और 29 अक्टूबर को संभावित भारी वर्षा को देखते हुए जल संसाधन संभाग कोटा ने नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों से नदी से दूरी बनाए रखने की अपील की है। अरपा-भैंसाझार बैराज में जलस्तर नियंत्रित करने के लिए जरूरत पड़ने पर गेट खोले जा सकते हैं। इससे नदी का जलस्तर बढ़ने और बहाव तेज होने की आशंका है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर विभाग ने नदी किनारे और पानी के बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है। नदी में उतरना, नहाना और मछली पकड़ना जोखिम भरा हो सकता है। खासकर नदी के आसपास रहने वाले ग्रामीणों, मछुआरों और पशुपालकों से सतर्क रहने को कहा गया है। लोगों से अपने बच्चों और परिवार के सदस्यों को नदी के पास नहीं जाने देने तथा मवेशियों को भी तट से दूर रखने की अपील की गई है।
जल संसाधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बैराज के गेट खोले जाने पर नदी में पानी का बहाव बढ़ सकता है। ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है। नागरिकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है। विभाग ने लोगों से कहा है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतें और नदी के तटों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

