रूस में नौकरी का झांसा, फिर गायब बिलासपुर का युवक! युद्ध में झोंकने और टॉर्चर का आरोप। पढ़िये पूरी खबर…

टेलीग्राम पर नौकरी की उम्मीद लेकर मॉस्को पहुंचा विनीत दुबे, 7 अक्टूबर से परिवार से संपर्क टूटा.. बहन बोली- भाई को बंधक बनाकर प्रताड़ित किया जा रहा है।

कलेक्टर-एसएसपी से लगाई गुहार, रूसी दूतावास और विदेश मंत्रालय से संपर्क.. परिवार को विनीत की सुरक्षित वापसी का इंतजार।

बिलासपुर। विदेश में नौकरी पाने की उम्मीद लेकर रूस गया बिलासपुर जिले के बिल्हा का युवक विनीत कुमार दुबे रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। परिवार का आरोप है कि टेलीग्राम ग्रुप के जरिए नौकरी की जानकारी मिलने के बाद रूस पहुंचे विनीत को बंधक बनाकर प्रताड़ित किया जा रहा है। इतना ही नहीं, उस पर युद्ध में शामिल होने के लिए दबाव बनाने और इनकार करने पर मारपीट करने का भी आरोप है। 7 अक्टूबर से विनीत का परिवार से संपर्क नहीं हो पा रहा है। बेटे की सलामती को लेकर परेशान परिवार अब प्रशासन से लेकर विदेश मंत्रालय तक मदद की गुहार लगा रहा है।

परिजनों के मुताबिक, विनीत 1 अक्टूबर को रूस की राजधानी मॉस्को पहुंचा था। नौकरी की तलाश में शुरू हुआ उसका यह सफर कुछ ही दिनों में चिंता और अनिश्चितता में बदल गया। परिवार का दावा है कि रूस पहुंचने के बाद विनीत को भारतीय दूतावास जाने नहीं दिया गया और मॉस्को के एक होटल में रोके रखा गया। बाद में उसे वोल्गोग्राद भेज दिया गया, जहां उसे एक अपार्टमेंट में रखा गया था।

कार में बैठाकर ले गए, फिर यातना देने का आरोप..

विनीत की बहन आशी दुबे के मुताबिक, 7 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे कुछ लोग उसके भाई को कार में बैठाकर किसी अज्ञात स्थान पर ले गए। आरोप है कि वहां उस पर रेजिडेंसी हासिल करने और युद्ध में शामिल होने के लिए दबाव बनाया गया। विनीत ने युद्ध में जाने से इनकार किया तो उसके साथ मारपीट की गई और भूखा रखकर प्रताड़ित किया गया। परिवार का यह भी आरोप है कि उसे ड्रग्स से जुड़े एक मामले में फंसाकर स्थानीय लोगों की बात मानने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

व्हाट्सएप से मिली जानकारी, परिवार की बढ़ी चिंता..

परिवार के अनुसार, विनीत के साथ हुई घटनाओं की जानकारी किशोर नाम के एक युवक के जरिए मिली, जिसने व्हाट्सएप पर उनसे संपर्क किया था। इसके बाद से परिवार लगातार विनीत की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। उससे सीधे संपर्क नहीं हो पाने के कारण परिजनों की परेशानी और बढ़ गई है।

                    आशी दुबे, (युवक की बहन)

कलेक्टर-एसएसपी से मुलाकात, विदेश मंत्रालय तक पहुंचा मामला..

मामले को लेकर विनीत की बहन आशी दुबे ने बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह से मुलाकात कर भाई को सुरक्षित वापस लाने की मांग की है। पुलिस कप्तान के स्तर पर रूसी दूतावास और विदेश मंत्रालय से पत्राचार किए जाने की जानकारी सामने आई है। अब संबंधित एजेंसियों के जवाब और विनीत की स्थिति के बारे में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

                संजय अग्रवाल, (कलेक्टर, बिलासपुर)

              रजनेश सिंह, (एसएसपी, बिलासपुर)

परिवार की मांग है कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर विनीत का पता लगाया जाए और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उसे भारत वापस लाने की व्यवस्था की जाए। नौकरी की तलाश में विदेश गए युवक के लापता होने और उसे युद्ध में शामिल करने के दबाव के आरोपों ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि विनीत कुमार दुबे कहां है, वह किस हाल में है और उसकी सुरक्षित वापसी कब होगी ?

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles