बिलासपुर। पारिवारिक मूल्यों, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से फगनी देवी-चमन लाल यादव स्मृति सेवा संस्थान द्वारा रविवार, 19 जुलाई को “4 पीढ़ी का संगम” यादव परिवार मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे पंडित देवकी नंदन दीक्षित सभा भवन, लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर में आयोजित होगा। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव होंगे।
संस्थान के अध्यक्ष डॉ. सोमनाथ यादव एवं सचिव सतीश यादव ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य समाज में पारिवारिक एकजुटता को मजबूत करना, नई पीढ़ी को पारिवारिक संस्कारों से जोड़ना तथा समाजसेवा, संस्कृति एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान करना है।
कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, बिलासपुर महापौर पूजा विधानी, पद्मश्री फुलबासन यादव, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह चंद्रशेखर देवांगन तथा प्रांत कृषक प्रमुख उत्तरा यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समारोह के दौरान पारंपरिक लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए बांसगीत वादन का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री फुलबासन यादव का विशेष सम्मान किया जाएगा। पारिवारिक एकता और सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देने वाले परिवारों को भी सम्मानित किया जाएगा। वहीं बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेंगी।
संस्थान ने बिलासपुर शहर एवं आसपास के नागरिकों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

