शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार, युवाओं तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने का लिया संकल्प।
बिलासपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) छत्तीसगढ़ ने संगठन को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई नई नियुक्तियां की हैं। इसी क्रम में बिलासपुर के युवा भाजपा नेता रौशन सिंह को भाजयुमो मुंगेली जिला का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं में उत्साह का माहौल है।
रौशन सिंह लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा की संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। चुनावी अभियानों, सामाजिक कार्यक्रमों, धार्मिक आयोजनों और पार्टी के विभिन्न अभियानों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। संगठन में उनकी निष्ठा, अनुशासित कार्यशैली और सक्रियता को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।


पार्टी नेताओं का मानना है कि भाजपा लगातार जमीनी स्तर पर काम करने वाले युवाओं को आगे बढ़ाने का अवसर दे रही है। रौशन सिंह को मिली यह जिम्मेदारी भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वे बिलासपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के करीबी समर्थकों में भी गिने जाते हैं। सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय मौजूदगी के कारण वे युवाओं के बीच एक अलग पहचान रखते हैं।
युवाओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। शिक्षा, रोजगार, खेल, सामाजिक और धार्मिक विषयों पर उनकी सक्रियता तथा सहज व्यवहार के कारण वे बड़ी संख्या में युवाओं से जुड़े हुए हैं। पार्टी के कई अभियानों में उन्होंने नेतृत्वकारी भूमिका निभाई है, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिली है।

अपनी नियुक्ति पर रौशन सिंह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल और भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरेंगे। साथ ही युवाओं के बीच पार्टी की विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास करेंगे।

