बिलासपुर। बिलासपुर में भाजपा के जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का अचानक निधन हो गया। प्रशिक्षण शिविर के बीच उनकी तबीयत बिगड़ गई और सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच उपरांत मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई है।
दरसअल, भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत तिफरा स्थित झूलेलाल भवन में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। रूपनारायण सिन्हा इस कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्रभारी के रूप में शामिल होने के लिए बिलासपुर आए थे। सोमवार को शिविर का शुभारंभ हुआ था, जबकि मंगलवार को इसका समापन होना था।
मंगलवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। सीने में दर्द की शिकायत के बाद मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें आराम करने की सलाह दी, लेकिन कुछ ही देर में उनकी स्थिति और गंभीर हो गई। इसके बाद तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक समेत अन्य भाजपा नेताओं ने सिम्स प्रबंधन से संपर्क कर चिकित्सकीय तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को भी सूचना दी गई, जिन्होंने अस्पताल प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए।
रूपनारायण सिन्हा को तत्काल सिम्स ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार उन्हें गंभीर कार्डियक अरेस्ट आया था। जांच के बाद चिकित्सकों ने उनके निधन की पुष्टि कर दी।
उनके आकस्मिक निधन की खबर से भाजपा संगठन और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी नेताओं ने इसे संगठन और सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है।

