कलेक्टोरेट और जिला पंचायत गेट पर लगे स्टॉल में हस्तनिर्मित राखियों की धूम, 27 अगस्त तक जारी रहेगी बिक्री।
बिलासपुर। रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बिहान की दीदियां अपने हस्तनिर्मित उत्पादों के जरिए आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं। कलेक्टोरेट परिसर और जिला पंचायत के सामने लगाए गए विशेष स्टॉल में महिलाओं द्वारा तैयार धान की राखियां, रस्सी से बनी राखियां, तिरंगा और बैच लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक स्टॉल पर पहुंचकर इन उत्पादों की खरीदारी कर महिलाओं का उत्साह बढ़ा रहे हैं।
ग्राम कछार के जय मां वैष्णो देवी शक्ति महिला स्व-सहायता समूह की 12 महिलाएं अध्यक्ष बबीता गुप्ता के नेतृत्व में राखियों के साथ घरेलू उपयोग की सामग्री भी तैयार कर रही हैं। इनमें धान से बनी राखियां और रस्सी की राखियां लोगों को खास पसंद आ रही हैं। समूह की महिलाएं हैंडवॉश, फिनाइल और मोमबत्तियां भी बनाती हैं। महिलाओं ने बताया कि स्टॉल 27 अगस्त तक लगाया जाएगा, जहां अलग-अलग डिजाइन की राखियां और अन्य उत्पाद उपलब्ध रहेंगे।


इसी तरह ग्राम पंचायत भरारी की समृद्धि आजीविका संकुल क्लस्टर गनियारी से जुड़ी महिलाओं ने भी स्टॉल लगाया है। समूह की प्रतिनिधि प्रतिभा यादव के अनुसार यहां धान से बनी राखियां, तिरंगा और बैच विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। स्थानीय संसाधनों से तैयार इन उत्पादों को गुणवत्ता, सुंदरता और किफायती कीमत के कारण अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
बिहान से जुड़ी महिलाओं का कहना है कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें प्रशिक्षण, सामूहिक काम और स्वरोजगार के नए अवसर मिले हैं। अब वे त्योहारों और विशेष अवसरों को ध्यान में रखकर उत्पाद तैयार कर रही हैं, जिससे उनकी आमदनी बढ़ रही है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के स्थानीय हस्तशिल्प और स्वदेशी उत्पादों को भी बाजार मिल रहा है।

