मॉर्निंग वॉक पर निकला परिवार, पीछे से घर में घुसे चोर..24 घंटे में खुला लाखों की चोरी का राज..

बिलासपुर। ग्राम खम्हरिया में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पहले परिवार की दिनचर्या की रेकी की और उन्हें पता था कि सुबह घर के लोग मॉर्निंग वॉक पर जाते हैं। इसी का फायदा उठाकर दोनों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गए 222.39 ग्राम सोने और 239.37 ग्राम चांदी के जेवर के साथ वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी बरामद की है।

दरअसल, ग्राम खम्हरिया निवासी सुंदर लाल मैत्री 11 अगस्त की सुबह करीब 5.10 बजे अपनी पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक पर गए थे। करीब 6 बजे लौटे तो सामने का ताला टूटा और पीछे का दरवाजा खुला मिला। घर के अंदर आलमारी का लॉकर खुला था और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की सूचना मिलते ही सीपत पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की टीम ने जांच शुरू की। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट से घटनास्थल की जांच कराने के साथ तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश की गई। जांच में गांव के ही आदित्य कुमार लहरे और जावेद अली संदेह के दायरे में आए। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उन्होंने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पीड़ित के घर के आसपास रहते हैं और परिवार की दिनचर्या से परिचित थे। 11 अगस्त की सुबह परिवार के मॉर्निंग वॉक पर निकलते ही दोनों पीछे के दरवाजे से घर में घुसे और ताला तोड़कर आलमारी से जेवर चोरी कर लिए। पकड़े जाने के डर से चोरी का माल गांव के एक पुराने निर्माणाधीन मकान में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया।

बरामद जेवरों में सोने का रानी हार, हार, चूड़ियां, अंगूठियां, चैन, कान के टॉप्स, माला और झुमके तथा चांदी की पायल, बिछिया और सिक्के शामिल हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। त्वरित कार्रवाई और पूरा माल बरामद करने पर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कार्रवाई करने वाली टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles