अब हर ऑटो पर लगेगा QR कोड, स्कैन करते ही मिलेगी चालक और वाहन की जानकारी,जल्द शुरू होगा रजिस्ट्रेशन।
डीजल, पेट्रोल और ई-रिक्शा सभी होंगे शामिल, बिना रजिस्ट्रेशन चलने वाले ऑटो पर रहेगी यातायात पुलिस की नजर।
बिलासपुर। अगर आप भी बिलासपुर में ऑटो चलाते हैं या रोजाना ऑटो से सफर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यात्रियों की सुरक्षा और ऑटो चालकों की पहचान को आसान बनाने के लिए बिलासपुर यातायात पुलिस जल्द ही सभी प्रकार के ऑटो – डीजल, पेट्रोल और ई-रिक्शा पर QR कोड लगाने की नई व्यवस्था शुरू करने जा रही है। इसके लिए ऑटो और चालकों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।
ऑटो में लगाए जाने वाले QR कोड को यात्री अपने मोबाइल से स्कैन कर सकेंगे। स्कैन करते ही संबंधित ऑटो चालक, वाहन मालिक और वाहन से जुड़ी आवश्यक जानकारी सामने आ सकेगी। इससे किसी यात्री और चालक के बीच विवाद होने, किसी घटना के घटित होने या आपात स्थिति में वाहन और चालक की पहचान करना पुलिस के लिए आसान होगा।

एक स्कैन में मिलेगी जरूरी जानकारी..
यातायात पुलिस के मुताबिक, कई बार यात्री ऑटो में सफर करने के बाद चालक या वाहन की पहचान संबंधी जानकारी नहीं रख पाते। ऐसे में किराए को लेकर विवाद, किसी घटना या सामान छूटने जैसी स्थिति में वाहन की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। QR कोड की व्यवस्था से यात्री संबंधित ऑटो की पहचान आसानी से कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर पुलिस को भी कार्रवाई में मदद मिलेगी।
ऑटो चालकों का पूरा डिजिटल रिकॉर्ड रहेगा पुलिस के पास..
रजिस्ट्रेशन के बाद ऑटो चालकों, वाहन मालिकों और किराए पर ऑटो चलाने वाले व्यवसायियों से संबंधित आवश्यक जानकारी पुलिस के पास डिजिटल रिकॉर्ड के रूप में सुरक्षित रहेगी। इससे किसी शिकायत या आपात स्थिति में संबंधित वाहन और चालक तक पहुंचना आसान होगा।

महिला ऑटो चालकों के लिए भी उपयोगी होगी व्यवस्था..
बिलासपुर में महिला चालक भी बड़ी संख्या में ऑटो चला रही हैं और कई बार दूर-दराज के इलाकों तक यात्रियों को लेकर जाती हैं। ऐसी स्थिति में किसी घटना या आपात परिस्थिति के दौरान वाहन और चालक की पहचान तुरंत सुनिश्चित करने में QR कोड व्यवस्था मददगार साबित हो सकती है।

रजिस्ट्रेशन कराना होगा जरूरी..
यातायात पुलिस ने सभी ऑटो चालकों से जल्द से जल्द अपने ऑटो का रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है। बिना रजिस्ट्रेशन चलने वाले ऑटो पर भी पुलिस की निगरानी रहेगी। नई व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों और ऑटो चालकों दोनों के लिए सुरक्षित, भरोसेमंद और व्यवस्थित परिवहन व्यवस्था तैयार करना है।

