बिना टिकट सफर करने वालों पर रेलवे की बड़ी कार्रवाई, 285 यात्रियों से ही वसूले 2.59 लाख रुपए।
अनियमित टिकट और बिना बुक लगेज पर भी चला डंडा, बिलासपुर-चांपा-भाटापारा सेक्शन में सघन नाका चेकिंग अभियान।
बिलासपुर। अगर आप ट्रेन से सफर करने जा रहे हैं तो टिकट जरूर संभालकर रखें, क्योंकि बिलासपुर मंडल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ रेलवे ने सख्ती बढ़ा दी है। दरअसल, बिलासपुर स्टेशन और चांपा-बिलासपुर-भाटापारा सेक्शन में रेलवे ने सघन “नाका टिकट चेकिंग अभियान” चलाकर 26 ट्रेनों की जांच की। अभियान के दौरान टिकट जांच टीम ने कुल 385 मामलों में कार्रवाई करते हुए 3,17,410 रुपए का जुर्माना वसूल किया। टीम ने स्टेशन के साथ-साथ बिलासपुर से गुजरने वाली ट्रेनों में भी यात्रियों के टिकटों की जांच की।

बिना टिकट यात्रा में सबसे ज्यादा कार्रवाई..
जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा के 285 मामले पकड़े गए। इन यात्रियों से रेलवे ने 2,59,800 रुपए का जुर्माना वसूला। इसके अलावा अनियमित टिकट के 77 मामलों में 55,105 रुपए और बिना बुक किए गए लगेज के 23 मामलों में 2,505 रुपए का जुर्माना वसूल किया गया।
यानी एक ही अभियान में रेलवे ने कुल 3 लाख 17 हजार 410 रुपए का जुर्माना वसूलते हुए बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों को साफ संदेश दिया है कि नियमों की अनदेखी भारी पड़ सकती है।

आगे भी जारी रहेगा टिकट चेकिंग अभियान..
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में सवार होने से पहले उचित और वैध यात्रा टिकट जरूर लें। स्टेशन परिसर में प्रवेश करने के लिए प्लेटफॉर्म टिकट लेने की भी अपील की गई है।

रेलवे ने यात्रियों से ट्रेन और स्टेशन परिसर को साफ रखने, गंदगी नहीं फैलाने तथा धूम्रपान जैसी गतिविधियों से दूर रहने का आग्रह किया है। बिना टिकट और अनियमित यात्रा के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

