छत्तीसगढ़ की बेटियों का कमाल.. बिल्हा की 2 छात्राओं के अनोखे आइडिया ने दिलाई राष्ट्रीय पहचान, अमर अग्रवाल ने किया सम्मान..

बिलासपुर। शिक्षा, नवाचार और नशामुक्ति को लेकर शनिवार को बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रमों में नगर विधायक अमर अग्रवाल ने विद्यार्थियों और नागरिकों से संवाद किया। दयालबंद स्थित स्वामी आत्मानंद महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ अपने हुनर और सोच को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद टिकरापारा स्थित गुजराती समाज भवन में नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल हुए।

छात्राओं के सवालों का दिया जवाब, बोले- लक्ष्य बड़ा रखिए..

महारानी लक्ष्मीबाई कन्या शाला में छात्राओं ने विधायक से सीधे संवाद किया। अमर अग्रवाल ने कहा कि माता-पिता और गुरुजनों से मिलने वाला मार्गदर्शन जीवन में आगे बढ़ने की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ अभियान ने समाज की सोच बदली है और आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं।

उन्होंने छात्राओं से कहा कि जीवन में सफलता के लिए लगातार सीखते रहना और अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाना जरूरी है। कार्यक्रम में उन्होंने विद्यालय की छात्र कैबिनेट को शपथ दिलाई और स्कूल के रखरखाव एवं संचालन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सभी ने नशामुक्ति का संकल्प भी लिया।

बिल्हा की 2 बेटियों ने किया कमाल, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बनाई जगह..

कार्यक्रम का सबसे खास पल तब रहा, जब इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता के राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित बिल्हा की दो छात्राओं को सम्मानित किया गया। देवरी खुर्द की रेणुका धनुआर और बिजौर की तृषा कमलेश को 5-5 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

रेणुका ने ‘वॉल माउंट स्पिट डिटेक्शन एंड अलार्म सिस्टम’ तैयार किया है। यह मॉडल सार्वजनिक स्थानों पर थूकने की स्थिति का पता लगाकर अलार्म के जरिए लोगों को सचेत करने के उद्देश्य से बनाया गया है।

वहीं तृषा ने ‘वेदर गार्ड स्मार्ट बैग’ तैयार किया है। सेंसर से लैस इस बैग में बारिश या नमी का संकेत मिलते ही उससे जुड़ा छाता अपने आप खुल जाता है, जिससे बैग में रखी किताबें और दूसरी सामग्री भीगने से बच सकती हैं।

दोनों छात्राएं 4 सितंबर को रायपुर में राज्य स्तरीय मेंटरशिप प्रशिक्षण में अपने मॉडल प्रस्तुत करेंगी। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में इनके मॉडल को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए और बेहतर किया जाएगा।

साइकिल पाकर आसान होगी स्कूल की राह..

कार्यक्रम में छात्राओं को साइकिल वितरित करते हुए अमर अग्रवाल ने कहा कि सरस्वती साइकिल वितरण योजना ने बेटियों के लिए स्कूल तक पहुंचना आसान बनाया है। खासकर दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को इसका लाभ मिला है। इससे स्कूलों में बालिकाओं की उपस्थिति बढ़ाने और ड्रॉपआउट कम करने में भी मदद मिली है।

उन्होंने कहा, “बेटा और बेटी दोनों पढ़ेंगे, तभी परिवार शिक्षित और सशक्त बनेगा।” शिक्षा को उन्होंने आत्मनिर्भरता और सामाजिक बदलाव की सबसे मजबूत नींव बताया।

15 सितंबर तक कर सकेंगे इंस्पायर अवार्ड के लिए पंजीयन..

इंस्पायर अवार्ड मानक भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की पहल है। इसका उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में विज्ञान, नवाचार और शोध के प्रति रुचि बढ़ाना है। सत्र 2026-27 के लिए पंजीयन शुरू हो चुका है और 15 सितंबर अंतिम तिथि है। कक्षा 6वीं से 12वीं तक के स्कूल अधिकतम पांच विद्यार्थियों के नवाचारी विचारों का ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, पार्षद बंधु मौर्य, रंगा नादम, एल्डरमैन योगेश बोले, शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक, शाला विकास समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles