बिलासपुर। केंद्रीय जेल बिलासपुर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। जन्माष्टमी के लिए जेल परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बाल स्वरूप श्रीकृष्ण, झूले और धार्मिक सजावट के बीच भजन-कीर्तन से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और बंदियों के साथ भजन-कीर्तन में हिस्सा लिया। इसके बाद आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम में बंदियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान जेल परिसर में उत्सव का माहौल नजर आया।

विधायक अमर अग्रवाल ने बंदियों से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेशों से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सत्य, धर्म, कर्म और सदाचार को जीवन में अपनाकर व्यक्ति सकारात्मक बदलाव की ओर बढ़ सकता है। उन्होंने बंदियों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और अच्छे आचरण को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

दरअसल, जन्माष्टमी आयोजन का उद्देश्य बंदियों में आध्यात्मिक और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना तथा उन्हें भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना रहा। जेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए बंदियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी, प्रभारी उप जेल अधीक्षक कोकिला वर्मा, सहायक जेल अधीक्षक विजयानंद सिंह सहित जेल के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में बंदी मौजूद रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

