बिलासपुर। जन्माष्टमी के मौके पर शुक्रवार को राजीव गांधी चौक में दही-हांडी कार्यक्रम की तैयारी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ऊंचाई पर मटकी बांधते समय एक युवक हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। हादसे में युवक करंट से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, दही-हांडी कार्यक्रम के लिए मटकी बांधी जा रही थी। इसी दौरान ऊंचाई पर मौजूद युवक का संपर्क पास से गुजर रहे हाईटेंशन तार से हो गया और वह करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद युवक ऊंचाई पर ही फंस गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद की और कड़ी मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा।
घायल युवक की पहचान रेहान खान के रूप में बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

