भारी सुरक्षा के बीच आरोपियों का जुलूस, नेहरू चौक से जिला न्यायालय तक पुलिस का कड़ा पहरा।
बिलासपुर। बिलासपुर के खपरगंज बवाल मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। पुलिस ने मामले में चार और आरोपियों अक्षय सिंह, अभय शर्मा, मोहनीश गोस्वामी और सतानंद साहू को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तारियों के बाद अब तक पकड़े गए आरोपियों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। वहीं, मामले में फरार चल रहे रामसिंह समेत अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तार आरोपियों को शनिवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नेहरू चौक से जिला न्यायालय ले जाया गया। आरोपियों को कोर्ट ले जाते समय एएसपी, सीएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से पूरे रास्ते पर कड़ी निगरानी रखी, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए अक्षय सिंह, मोहनीश गोस्वामी और सतानंद साहू घटना की शुरुआत के दौरान मौके पर मौजूद थे। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।
दरअसल, रक्षाबंधन पर्व की रात खपरगंज इलाके में मामूली विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से जमकर पथराव शुरू हो गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने मोर्चा संभाला और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े तथा बल प्रयोग किया। घटना में दोनों पक्षों के दो दर्जन से अधिक लोगों के साथ कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे।
बवाल की सूचना मिलते ही एसपी रजनीश सिंह और कलेक्टर संजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे और देर रात तक पूरे घटनाक्रम की निगरानी करते रहे। तनाव को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के नामजद लोगों समेत 50 से ज्यादा लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों के खिलाफ बलवा समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, जिसमें धारा 307 और 191 भी शामिल हैं। पुलिस अब वीडियो फुटेज, सीसीटीवी, ड्रोन फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बवाल में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।
पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में जो भी व्यक्ति हिंसा और उपद्रव में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

