आस्था की रेल से अयोध्या रवाना हुए 850 श्रद्धालु, बिलासपुर स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत..

बिलासपुर। जय श्रीराम के जयघोष से बुधवार को बिलासपुर रेलवे स्टेशन गूंज उठा। श्री रामलला दर्शन योजना के तहत आस्था स्पेशल ट्रेन से बिलासपुर संभाग के 850 श्रद्धालु अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने श्रद्धालुओं से भरी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत सभापति भारती नीरज माली, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

इस दौरान स्टेशन पर श्रद्धालुओं का गाजे-बाजे और पारंपरिक नृत्य के साथ स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर और फूल-मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस दौरान पुष्प वर्षा भी की गई। यात्रा के दौरान श्रद्धालु अयोध्या धाम में श्री रामलला के दर्शन के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर के भी दर्शन करेंगे।

इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का सम्मान है। इस योजना के माध्यम से हर वर्ग के लोगों को प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि श्रवण कुमार की तरह प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जनता को श्री रामलला के दर्शन कराने का काम कर रहे हैं।

अयोध्या रवाना हो रहे श्रद्धालुओं ने भी योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। बिलासपुर के सरकंडा निवासी आराधना मिश्रा और ज्योत्सना मिश्रा तथा तखतपुर विकासखंड के ग्राम सागर निवासी लक्ष्मी साहू ने कहा कि श्री रामलला के दर्शन करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इस तरह की सुव्यवस्थित और सम्मानजनक यात्रा किसी सपने के सच होने जैसी है।

श्रद्धालुओं ने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल से उन्हें भगवान श्रीराम के दर्शन का अवसर मिल रहा है। अन्य दर्शनार्थियों ने भी इस यात्रा को अपने जीवन का अविस्मरणीय और भावनात्मक क्षण बताया।

श्री रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या आने-जाने, ठहरने, मंदिर दर्शन, नाश्ता और भोजन की पूरी व्यवस्था की गई है। यात्रा के दौरान टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा कर्मियों और चिकित्सकों का दल भी श्रद्धालुओं के साथ रहेगा।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles