नेपाल आपदा पीड़ितों की मदद में जुटा बिलासपुर, कलेक्टर ने खुद सहयोग देकर शुरू किया अभियान..

बिलासपुर। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा ने बड़ी संख्या में परिवारों को मुश्किल में डाल दिया है। ऐसे समय में उनकी मदद के लिए बिलासपुर ने संवेदनशीलता और मानवीय सहयोग की मिसाल पेश की है। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा बिलासपुर ने कलेक्टर एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के नेतृत्व में नेपाल आपदा पीड़ितों के लिए विशेष सहायता अभियान शुरू किया। अभियान के पहले ही दिन 72 हजार 600 रुपये की सहयोग राशि जुटाई गई।

अभियान की शुरुआत कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्वयं सहयोग राशि देकर की। इसके बाद उन्होंने रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर, पुरानी एवं नई कंपोजिट बिल्डिंग, जिला न्यायालय और जिला पंचायत परिसर पहुंचकर अधिकारियों-कर्मचारियों से स्वेच्छा से सहयोग करने की अपील की।

कलेक्टर ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से भी अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग राशि देने और इस मानवीय अभियान में सहभागी बनने की अपील की।

10 दिनों तक चलेगा अभियान..

भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से यह सहायता राशि एकत्रीकरण अभियान अगले 10 दिनों तक शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में चलाया जाएगा। रेडक्रॉस की टीमें विभिन्न इलाकों में पहुंचकर नागरिकों से स्वेच्छा से सहयोग राशि एकत्र करेंगी।

अभियान के दौरान एकत्र होने वाली पूरी राशि भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की राज्य शाखा रायपुर को भेजी जाएगी। इसके बाद यह राशि नेपाल में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए भेजी जाएगी।

रेडक्रॉस के पदाधिकारी और छात्राएं भी जुटीं..

अभियान में रेडक्रॉस के अध्यक्ष डॉ. बी.एल. गोयल, वाइस चेयरमैन प्रमोद शर्मा, सचिव डॉ. शुभा गरेवाल, अरुण चौहान, सुनील सोनथालिया, सुरेंद्र गुंबर, डॉ. राजीव अवस्थी, श्रीकांत सहारे, डॉ. एम.ए. जीवनी, सौरभ सक्सेना और आदित्य पांडे सहित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला सरकंडा की जूनियर रेडक्रॉस की छात्राएं मौजूद रहीं।

इसके अलावा लक्ष्मी नारायण मिश्रा, सुशील राजपूत, गीतेश्वरी चंद्र, नेहा राय और प्रीति चंद्र सहित रेडक्रॉस के अन्य पदाधिकारी और सदस्यों ने भी सहायता राशि जुटाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles