बिलासपुर। कोटा क्षेत्र के जंगल से लगे दवनपुर गांव में शनिवार सुबह खेत में काम कर रहे किसान पर अचानक वन्यप्राणी ने हमला कर दिया। सुबह करीब 7 बजे हुई इस घटना में किसान संजू मरकाम घायल हो गए। वह खेत में खाद डाल रहे थे, तभी वन्यप्राणी ने उन पर हमला कर दिया। उनके हाथ, पैर और चेहरे पर मामूली खरोंचें आई हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मौके पर दिखे वन्यप्राणी को ग्रामीणों ने बाघ जैसा बताया है, लेकिन वन विभाग ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही एटीआर, वन विभाग और वन विकास निगम की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। घायल किसान को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गनियारी अस्पताल ले जाया गया। एटीआर प्रशासन ने उनके परिवार को तत्काल इलाज के लिए सहायता राशि भी उपलब्ध कराई है। नियमानुसार प्रकरण तैयार कर आगे मुआवजा देने की प्रक्रिया की जाएगी।

घटना के बाद वन विभाग ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। पीपरखूंटी, परसदा, दवनपुर, मानपुर, औरापानी और शिवतराई गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सावधान किया जा रहा है। लोगों से कहा गया है कि वे सूर्योदय से पहले और सूर्यास्त के बाद अकेले जंगल की ओर न जाएं और खेतों के आसपास भी सतर्क रहें। यदि कोई वन्यप्राणी दिखाई देता है तो उसके करीब जाने या भीड़ लगाने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

वहीं एसटीपीएफ, एटीआर प्रशासन, बिलासपुर वनमंडल और वन विकास निगम की टीमें लगातार इलाके की निगरानी कर रही हैं। वन विभाग के अनुसार, किसान पर हमला करने वाला वन्यप्राणी कौन था, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। टीम मौके से मिली जानकारी और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है। पहचान की पुष्टि होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

