मस्तूरी के बेलटुकरी स्कूल की घटना का वीडियो वायरल.. कलेक्टर ने लिया संज्ञान, प्रधान पाठक को नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब।
बिलासपुर। स्कूल में पढ़ने वाली एक बच्ची जब बुखार से परेशान होकर अचानक बीमार पड़ी तो उसे सहारे और देखभाल की जरूरत थी। लेकिन मस्तूरी के बेलटुकरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला से सामने आए मामले में आरोप है कि उल्टी होने के बाद बच्ची को मदद देने के बजाय उसी से गंदी हुई कुर्सी साफ कराई गई। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा और कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लिया है।
बताया गया कि छात्रा पहले से बुखार से पीड़ित थी। स्कूल में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे उल्टी हो गई। इसके बाद आरोप है कि छात्रा की स्थिति को देखते हुए उसे चिकित्सकीय सहायता दिलाने के बजाय उससे ही उल्टी से गंदी हुई कुर्सी साफ करवाई गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच भी इस मामले को लेकर सवाल उठने लगे।
वीडियो वायरल होने और मामले की जानकारी मिलने पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने संज्ञान लेते हुए शिक्षा विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल की प्रधान पाठक भारती खांडे को नोटिस जारी किया है।

प्रधान पाठक से तीन दिवस के भीतर पूरे मामले पर स्पष्ट और तथ्यात्मक स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभाग ने यह भी कहा है कि जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नियमानुसार कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
मामला अब सिर्फ एक वायरल वीडियो तक सीमित नहीं है। स्कूल में बच्चों की देखभाल और उनके प्रति जिम्मेदारी को लेकर भी इस घटना ने सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल विभाग की कार्रवाई प्रधान पाठक के स्पष्टीकरण के बाद आगे बढ़ेगी।

