समरसता और सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा.. 17 सितंबर के राष्ट्रीय कार्यक्रम पर विशेष फोकस, राष्ट्रीय अध्यक्ष के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी बनी कार्ययोजना।
रायपुर। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने आगामी कार्यक्रमों को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। रायपुर स्थित पुराने भाजपा कार्यालय में हुई प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक में आगामी अभियानों और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से मंथन हुआ। बैठक में संगठन को बूथ और मंडल स्तर तक और अधिक सक्रिय बनाने के साथ प्रदेश संगठन के निर्देशों को प्रभावी ढंग से जमीन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव जी एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में समरसता संकल्प अभियान, सेवा संकल्प अभियान और संत रविदास जयंती से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। पदाधिकारियों ने अब तक की तैयारियों पर चर्चा करते हुए आगामी कार्यक्रमों को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए आवश्यक रणनीति पर विचार-विमर्श किया।

बैठक का एक प्रमुख केंद्र 17 सितंबर को प्रस्तावित राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम रहा। इसके अलावा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के छत्तीसगढ़ आगमन को लेकर भी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में संगठन के कामकाज को केवल प्रदेश स्तर तक सीमित रखने के बजाय बूथ और मंडल स्तर पर लगातार सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को लेकर भी पदाधिकारियों के बीच गंभीर चर्चा हुई। संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने और कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर भी रणनीति पर विचार किया गया।

बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े, प्रदेश प्रभारी गुलाब सिंह टिकरिया, चर्म शिल्प विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, प्रदेश महामंत्री चंद्रप्रकाश सूर्या एवं हरिनाथ खुटे सहित उपाध्यक्ष कुंती जांगड़े, राजेश्वर भार्गव, खेमराज बाकरे, उमेश जीभेकर, अरविंद पहरे, अनिल सोनवानी, चंदेश्वरी बांधे, गुरुदयाल पाटले, अवधराम बघेल, घनश्याम रात्रे, दिनेश चावरिया, मोरध्वज गिलहरे, डॉ. बी.आर. गौतम, उत्तम राजवंशी, टी.आर. लहरे, विजय राय, प्रवीण मांडवी, संजय मन्हारे, तुलसी बघेल, दीपक चौहथा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

