बिलासपुर। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए वेटिंग रूम में एक युवक के घुसने और महिला के सामने अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला बाथरूम का इस्तेमाल कर रही थी, तभी युवक महिला वेटिंग रूम में बिना अनुमति के घुस गया और उसके सामने अश्लील हरकत करने लगा। महिला ने शोर मचाया तो आरोपी वहां से भाग गया। शिकायत के बाद रेलवे पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

दरअसल, बीते सोमवार की रात जांजगीर-चांपा निवासी महिला बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित एसी फर्स्ट क्लास महिला वेटिंग रूम में थी। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और बिना अनुमति के अंदर घुस गया। महिला जब बाथरूम का इस्तेमाल कर रही थी, तभी आरोपी ने उसके सामने अश्लील हरकत की। महिला ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला।
घटना के बाद महिला ने रेलवे पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई। तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। गवाहों के सामने पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सुरेश कुमार साहू, निवासी ग्राम अमोरा, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा बताया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने जुर्म कबूल किया।
पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

