10 लाख दीयों से जगमगाया बिलासपुर.. पुलिस मैदान में एक साथ जले 1.25 लाख दीप, ‘आशीर्वाद का दीया’ में उमड़ा जनसैलाब..

बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को बिलासपुर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में शाम करीब 7 बजे एक साथ लगभग 10 लाख दीप जलाए गए। शहर से लेकर गांवों तक दीपों की रोशनी नजर आई। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड में हुआ, जहां एक साथ 1 लाख 25 हजार दीप प्रज्वलित किए गए।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री और बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप जलाकर कार्यक्रम में सहभागिता की। दीपों से पूरा पुलिस मैदान रोशनी से जगमगा उठा। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक भी इस आयोजन में शामिल हुए।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की यात्रा है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत बिलासपुर में हुआ यह आयोजन जनभागीदारी और सेवा भावना का उदाहरण है।

अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब परिवारों को आवास, स्वास्थ्य सुविधाओं और दूसरी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि समेत विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए किए जा रहे कार्यों का भी जिक्र करते हुए कहा कि देश के विकास में लोगों की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ के जरिए लाखों लोगों ने प्रधानमंत्री के प्रति अपनी शुभकामनाएं और स्नेह व्यक्त किया है। नगर निगम महापौर पूजा विधानी ने कार्यक्रम में शामिल लोगों का स्वागत किया और इसे सेवा व जनभागीदारी की भावना से जुड़ा आयोजन बताया।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया। उन्होंने शहर और जिले को स्वच्छ रखने में उनके योगदान की सराहना की। इस दौरान स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश भी दिया गया।

जिले के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को भी दीपों से सजाया गया। रतनपुर में 11 हजार, बेलपान में 1100, ताला में 1100 और मल्हार में 11 हजार दीप जलाए गए। जिले के चारों विकासखंडों की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप प्रज्वलित किए गए। इसके अलावा गांवों में भी 100 से ज्यादा ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए गए।

शाम करीब 7 बजे सरकारी भवनों, स्कूलों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायतों में भी दीप जलाए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन जैसी योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में भी दीप प्रज्वलित किए गए। महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यों ने भी कई जगहों पर दीप जलाने में सहयोग किया।

जल जनसेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के बांध, बैराज, एनीकट और नहर शीर्षों पर भी दीप जलाए गए। इस तरह जिलेभर में एक साथ जले करीब 10 लाख दीपों ने बिलासपुर को रोशनी से भर दिया। आयोजन के जरिए सेवा, संकल्प, सुशासन और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, नगर निगम सभापति विनोद सोनी, संभागायुक्त सुनील जैन, सीसीएफ मनोज पांडे, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश वाजपेयी, दीपक सिंह, हर्षिता पाण्डेय, किशोर राय और वाणी राव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles