हॉकी एशिया कप में छत्तीसगढ़ की बेटियों का कमाल, गीता-मधु के नाम 4-4 गोल, पाकिस्तान को 19-0 से रौंदा..

बहतराई हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण ले रहीं दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर छोड़ी छाप, दक्षिण कोरिया और मलेशिया के खिलाफ भी किया शानदार प्रदर्शन।

बिलासपुर। चीन के मोक्षी शहर में आयोजित जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में छत्तीसगढ़ की बेटियों ने अपने शानदार खेल से प्रदेश का नाम रोशन किया है। बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई स्थित आवासीय हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण ले रहीं गीता यादव और मधु सिदार ने टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करते हुए 4-4 गोल दागे। दोनों खिलाड़ियों ने अलग-अलग मुकाबलों में शानदार खेल दिखाकर भारतीय टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

टूर्नामेंट में दक्षिण कोरिया के खिलाफ मधु सिदार ने एक गोल कर टीम के लिए योगदान दिया। इसके बाद मलेशिया के खिलाफ भारत ने 11-1 से शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में गीता यादव ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए दो गोल दागे। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम ने एकतरफा अंदाज में 19-0 से बड़ी जीत हासिल की। इस मुकाबले में भी छत्तीसगढ़ की दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा और गीता यादव तथा मधु सिदार ने दो-दो गोल किए।

इस तरह पूरे टूर्नामेंट में गीता यादव और मधु सिदार के नाम चार-चार गोल दर्ज हुए। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस बड़े टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने न केवल भारतीय टीम को मजबूती दी, बल्कि छत्तीसगढ़ की हॉकी प्रतिभा को भी पहचान दिलाई।

खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने गीता और मधु से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

गीता यादव और मधु सिदार बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई की आवासीय हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। दोनों खिलाड़ियों को वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो का मार्गदर्शन मिल रहा है। इस दौरान खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर बिलासपुर के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर कुलदीप बराड़ और बिलासपुर के जिला खेल अधिकारी सुशील भी मौजूद रहे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles