सेवा सेतु बना सहारे का मंच, 200 दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को मिले जरूरत के उपकरण..

बिलासपुर। शहर के लोधीपारा में आयोजित सेवा सेतु कार्यक्रम में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को उनकी जरूरत के मुताबिक सहायक उपकरण देकर उन्हें रोजमर्रा के काम में सहारा दिया गया। 200 चिन्हांकित दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को व्हील चेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी, स्मार्ट फोन, स्मार्ट केन, कमर पट्टा समेत विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए।

सेवा संकल्प अभियान के तहत यह कार्यक्रम सरकंडा के शासकीय प्राथमिक शाला लोधीपारा में समाज कल्याण विभाग और मुख्यमंत्री दिव्याशा केन्द्र के सौजन्य से आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। महापौर पूजा विधानी, पार्षद सरिता परिहार, कलेक्टर संजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, दीपक सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

इस मौके पर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि शासन दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर लगातार कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रहा है। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में सुविधा मिलेगी और उनकी गतिशीलता व आत्मनिर्भरता बढ़ाने में सहायता होगी। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत किए जा रहे इस कार्य के लिए शासन के प्रति आभार भी जताया।

शिविर में पहले से चिन्हांकित हितग्राहियों को उपकरण देने के साथ ही नए दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों का भी चिन्हांकन किया गया। एक दिवसीय शिविर में जरूरतमंदों की आवश्यकताओं को समझकर उन्हें उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। उपकरण मिलने के बाद हितग्राहियों ने प्रसन्नता जताई और शासन की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. सौम्या रंजन (पीएमडीके) ने किया। कार्यक्रम के समापन पर संयुक्त संचालक समाज कल्याण तिलकेश भावे ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान प्रधानमंत्री दिव्यांग सहायता केन्द्र और समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles