दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव का जिक्र कर बोले सीएम- युवा जागरूक है, विकास और भविष्य को देखकर करता है फैसला।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी का पिछला रिकॉर्ड देखा जाए तो वे जहां-जहां गए, वहां कांग्रेस को फायदा कम और नुकसान ज्यादा हुआ है। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की राजनीति को लगातार देख और समझ रही है।
रविवार को ओडिशा रवाना होने से पहले रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री साय ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के नतीजों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस समर्थित एनएसयूआई केंद्रीय पदों पर जीत हासिल नहीं कर सकी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परिणाम युवाओं के रुझान को समझने के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं।
सीएम साय ने कहा कि आज का युवा जागरूक है और वह केवल नारों या बातों के आधार पर फैसला नहीं करता। युवा यह देखता है कि देश को आगे बढ़ाने के लिए कौन काम कर रहा है और उसके भविष्य व रोजगार के अवसरों के लिए क्या प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवा विकास, राष्ट्रहित और बेहतर भविष्य को लेकर सजग है। लोकतंत्र में जनता, खासकर युवाओं का मत महत्वपूर्ण होता है और उनके फैसले का सभी को सम्मान करना चाहिए।

