सांसदों ने रेलवे के सामने रखीं क्षेत्र की मांगें, ट्रेनों के ठहराव और नई सेवाओं से लेकर यात्री सुविधाओं पर हुई अहम चर्चा..

नागपुर। यात्रियों की सुविधाओं और अपने-अपने क्षेत्रों में रेलवे से जुड़ी जरूरतों को लेकर सांसदों ने शनिवार को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के सामने कई अहम मुद्दे रखे। नागपुर के रामदासपेठ स्थित तुली इंपीरियल में आयोजित बैठक में ट्रेनों के ठहराव, नई रेल सेवाओं, समयबद्धता और स्टेशनों पर सुविधाओं के विस्तार सहित रेलवे विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक की अध्यक्षता राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने की। बैठक में नागपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले संसदीय क्षेत्रों के सांसदों और उनके प्रतिनिधियों के साथ डीआरएम दीपक कुमार गुप्ता, रेलवे मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष और नागपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों के सुझाव रेलवे की सेवाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने नागपुर मंडल में चल रहे विकास कार्यों और यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी।

प्रस्तुति में रेलवे की आधारभूत संरचना के विकास, ट्रेनों की क्षमता बढ़ाने, अमृत भारत स्टेशन योजना, दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाएं, ‘वन स्टेशन वन प्रोडक्ट’ और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े ‘मेरी सहेली’ अभियान की जानकारी दी गई। इसके अलावा यात्री सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और रेल मदद हेल्पलाइन 139 के बारे में भी सांसदों को बताया गया।

इसके बाद सांसदों ने बारी-बारी से अपने क्षेत्रों की समस्याएं और जनता की अपेक्षाएं रेलवे अधिकारियों के सामने रखीं। कई स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार, ट्रेनों के ठहराव, नई रेल सेवाओं और ट्रेनों की समयबद्धता को लेकर सुझाव दिए गए। सांसदों ने स्थानीय जरूरतों के अनुसार रेलवे सुविधाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता बताई।

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सांसदों द्वारा रखे गए मुद्दों और सुझावों के लिए आभार जताया। उन्होंने बैठक में उठाए गए विषयों पर नियमानुसार प्राथमिकता के साथ कार्रवाई के प्रयास का भरोसा दिलाया।

बैठक के अंत में उप-महाप्रबंधक समीर कान्त माथुर ने सभी सांसदों और सांसद प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles