बिलासपुर। मुंगेली नाका स्थित अरोमा बाय एक्सिस कैफे में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। कैफे में आग लगते ही कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं और अंदर रखा सामान इसकी चपेट में आने लगा। देखते ही देखते आग ने कैफे के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया।
घटना सोमवार देर शाम 8 बजे के आसपास की बताई जा रही है। कैफे से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। आग की स्थिति को देखते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग पर पानी की बौछार शुरू की। आग को आसपास फैलने से रोकने के लिए भी प्रयास किए गए। काफी मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक कैफे के अंदर रखा सामान पूरी तरह जल चुका था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कैफे में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। आग की इस घटना में कैफे को कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। घटना के बाद आसपास के इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

