बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में बिना टिकट और अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वालों पर रेलवे ने बड़ी कार्रवाई की है। 1 से 20 सितंबर तक चलाए गए टिकट जांच अभियान में 43,710 मामले पकड़े गए। इन मामलों में रेलवे ने 3 करोड़ 13 लाख 15 हजार 499 रुपए की वसूली की। बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडल में ट्रेनों से लेकर प्रमुख स्टेशनों तक टिकट जांच दलों ने अभियान चलाया।

अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वालों के साथ अनियमित टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों और बिना उचित अनुमति सामान या लगेज ले जाने वालों की भी जांच की गई। रेलवे की टीमों ने अलग-अलग ट्रेनों और स्टेशनों पर नियमित जांच के अलावा विशेष जांच अभियान भी चलाया।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, टिकट जांच का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं है। यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने के लिए जागरूक करना और रेलवे के राजस्व की सुरक्षा करना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों से रेलवे नियमों के तहत अतिरिक्त किराया और दंड वसूला गया।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में सफर करने से पहले वैध टिकट जरूर लें। यात्रा के दौरान टिकट और जरूरी यात्रा दस्तावेज अपने पास रखें। रेलवे ने साफ किया है कि बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वालों के खिलाफ आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।

