बिलासपुर। जंगल और वन्यजीवों को बचाने के साथ लोगों को उनके प्रति जागरूक करने के लिए बिलासपुर वन मंडल में शुक्रवार से वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह शुरू हुआ। 2 से 8 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान की शुरुआत वन परिक्षेत्र बिलासपुर में पैदल और साइकिल जागरूकता रैली से हुई। इसमें वन प्रबंधन समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। रैली के जरिए जंगल बचाने, वन्यजीवों की सुरक्षा और इंसान-वन्यजीवों के बीच बेहतर तालमेल का संदेश दिया गया। इस बार वन विभाग ने अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों तक ले जाने की तैयारी की है। जिन इलाकों में वन्यजीवों और लोगों के बीच टकराव की स्थिति बनती है, वहां ग्रामीणों को वन्यजीवों के व्यवहार, जरूरी सावधानियों और अचानक सामना होने पर क्या करना चाहिए, इसकी जानकारी दी जाएगी।

संरक्षण सप्ताह के दौरान स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला, निबंध, भाषण, वाद-विवाद और क्विज प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। बच्चों के लिए नेचर कैंप भी लगाए जाएंगे, जहां उन्हें जंगल और वन्यजीवों के महत्व के बारे में बताया जाएगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम चलाकर लोगों को वन्यजीव संरक्षण में उनकी भूमिका समझाई जाएगी। सप्ताह का समापन और प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरण 8 अक्टूबर को होगा। कार्यक्रम मुख्य वन संरक्षक (क्षेत्रीय) मनोज पाण्डे, मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) प्रियंका पाण्डे के मार्गदर्शन और वनमंडलाधिकारी नीरज कुमार व उपवनमंडलाधिकारी टी.आर. मरई के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है।

