बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के उरकुरा स्टेशन पर बीते छह सितंबर को एक महिला को मालगाड़ी की चपेट में आने से समय रहते बचा लिया गया। महिला ट्रैक के बेहद करीब खड़ी थी और उसी समय मालगाड़ी तेजी से आ रही थी। स्टेशन मास्टर आनंद उपाध्याय को एक बच्चे ने महिला के ट्रेन के सामने जाने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उपाध्याय मौके की ओर दौड़े और महिला का हाथ पकड़कर उसे ट्रैक से दूर खींच लिया। महिला के सुरक्षित हटने के कुछ ही सेकंड बाद मालगाड़ी वहां से गुजर गई।
दरअसल, घटना दोपहर करीब 12:38 बजे की है। स्टेशन मास्टर आनंद उपाध्याय ट्रेन के सिग्नल का आदान-प्रदान करने के लिए प्लेटफॉर्म पर आए थे। इसी दौरान एक बच्चा उनके पास पहुंचा और बताया कि उसकी मौसी ट्रेन के सामने जाने वाली हैं। सूचना मिलते ही उपाध्याय ने तत्काल उस दिशा में जाकर स्थिति का जायजा लिया। महिला ट्रैक के काफी करीब थी और सामने से मालगाड़ी आ रही थी।
उपाध्याय ने तत्काल महिला को ट्रैक से हटाया। इसके बाद महिला और दोनों बच्चों को संभाला गया तथा उन्हें पानी पिलाया गया। रेलवे सुरक्षा बल को सूचना मिलने के बाद आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और महिला की काउंसलिंग की। कुछ देर बाद महिला की मां भी स्टेशन पहुंचीं और अपनी बेटी को सुरक्षित घर ले गईं।
रेल प्रशासन के अनुसार, घटना में बच्चे की सजगता और स्टेशन मास्टर की त्वरित कार्रवाई महत्वपूर्ण रही। समय पर सूचना मिलने और तत्काल कार्रवाई किए जाने से संभावित हादसा टल गया। रेल प्रशासन ने स्टेशन मास्टर आनंद उपाध्याय के इस कार्य की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया है।

