नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव और छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी से उनके आवास पर मुलाकात की। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी साझा की। चर्चा में विशेष रूप से बस्तर में हो रहे बदलाव और विकास कार्यों को लेकर बातचीत हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई, पर्यटन, रोजगार और आजीविका से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। दूरस्थ क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने पर भी सरकार का फोकस है।
मुख्यमंत्री साय ने महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के कौशल विकास और रोजगार, किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी। आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के साथ प्रदेश के दूरस्थ इलाकों में भी सुविधाओं का विस्तार करना है।

