बिलासपुर से कांकेर-सरगुजा तक बदलेगी सड़कों की तस्वीर, 672 करोड़ के प्रोजेक्ट मंजूर..

बिलासपुर। बारिश के बाद प्रदेश की सड़कों और पुलों से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं को रफ्तार मिलने जा रही है। राज्य शासन ने लोक निर्माण विभाग के 672 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपए के 24 महत्वपूर्ण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दे दी है। इनमें नई सड़क निर्माण, फोरलेन, पुल-पुलियों के निर्माण के साथ मौजूदा सड़कों के चौड़ीकरण, उन्नयन और मजबूतीकरण के काम शामिल हैं। विभाग ने अधिकारियों को प्रक्रिया पूरी कर जल्द कार्यादेश जारी करने और बरसात खत्म होते ही निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश के कई हिस्सों में आवागमन आसान होने के साथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

24 कामों में क्या-क्या होगा..

लोक निर्माण विभाग के स्वीकृत कार्यों में 7 नई सड़कें, 2 पुल एवं पहुंच मार्ग, 3 सड़क उन्नयन और 12 चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के काम शामिल हैं। परियोजनाओं का दायरा बिलासपुर से लेकर दुर्ग, धमतरी, राजनांदगांव, रायगढ़, महासमुंद, बलरामपुर-रामानुजगंज, कांकेर, बेमेतरा और सरगुजा तक है। सरकार के अनुसार इन कार्यों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा लोगों को आवागमन के लिए बेहतर और सुरक्षित सड़कें मिलेंगी।

बिलासपुर में अरपा-खारून पर दो बड़े पुल..

बिलासपुर जिले के लिए स्वीकृत कार्यों में अरपा और खारून नदी पर उच्चस्तरीय पुल प्रमुख हैं। लोधीपारा (सरकंडा)-कोनी मार्ग पर अरपा नदी में पुल और पहुंच मार्ग के लिए 17.63 करोड़ रुपए तथा चोरहादेवरी-परसदा मार्ग पर खारून नदी में पुल और पहुंच मार्ग के लिए 7.68 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा झाल से नगपुरा तक 17.61 किलोमीटर सड़क के लिए 29.91 करोड़ रुपए की निविदा स्वीकृत हुई है।

फोरलेन और नई सड़कों पर बड़ा जोर..

दुर्ग में पुलगांव पुल मुख्य मार्ग से अंजोरा-रसमड़ा तक 5.28 किलोमीटर फोरलेन सड़क के लिए 28.02 करोड़ रुपए मंजूर हुए हैं। धमतरी के आमदी में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ के लिए 19.26 करोड़ और डोंगरगढ़ में 8 किलोमीटर फोरलेन परिक्रमा पथ के लिए 46.22 करोड़ रुपए की निविदा स्वीकृत की गई है।

महासमुंद में सल्डीह-बहादुरपुर मार्ग, बलरामपुर-रामानुजगंज में सिविलदाग-नीलकंठपुर सड़क और रायगढ़ में उर्दना-कृष्णापुर-खैरपुर मार्ग के निर्माण को भी मंजूरी मिली है।

करीब 79 करोड़ से तीन सड़कों का उन्नयन..

बलरामपुर-रामानुजगंज में 18 किलोमीटर परसवार-चलगली मार्ग के लिए 37.37 करोड़ रुपए, रायपुर के अभनपुर में पुराने एनएच-30 के 2.60 किलोमीटर हिस्से के फोरलेन उन्नयन के लिए 17.32 करोड़ और रायगढ़ में 12.30 किलोमीटर कोड़ातराई-पुसौर-सूरजगढ़ मार्ग के लिए 24.26 करोड़ रुपए मंजूर हुए हैं।

धमतरी और रायगढ़ में भी बड़े काम..

धमतरी जिले में कई प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के काम होंगे। इनमें मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया, पचपेड़ी-तर्रागोंदी, छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर और अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा मार्ग शामिल हैं।राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई मार्ग के 23 किलोमीटर हिस्से का मजबूतीकरण और डामरीकरण भी किया जाएगा।

रायगढ़ में रायगढ़-लोइंग-महापल्ली और रायगढ़-कोतरा-नंदेली मार्ग के पांच-पांच किलोमीटर हिस्से को फोरलेन करने के साथ विद्युतीकरण किया जाएगा। दोनों कार्यों के लिए क्रमश: 59.49 करोड़ और 47.77 करोड़ रुपए मंजूर हुए हैं।

कांकेर से सरगुजा तक सड़कें होंगी मजबूत..

कांकेर-भानुप्रतापपुर-संबलपुर मार्ग के 36.80 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 85.83 करोड़ रुपए की निविदा मंजूर हुई है। इसके अलावा बेमेतरा में देवकर-साजा-खम्हरिया, दुर्ग में भिलाई-सिरसा-औरी-मोतीपुर, सरगुजा में सोनतराई-मैनपाट और महासमुंद में बिहाझर-गांजर-रेवा मार्ग के काम भी स्वीकृत किए गए हैं।

गुणवत्ता और समय-सीमा पर निगरानी..

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि मजबूत सड़क और पुल नेटवर्क से गांवों और शहरों के बीच संपर्क बेहतर होगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों तक पहुंच आसान होगी। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने भी अधिकारियों को बरसात के बाद काम में तेजी लाने और सभी परियोजनाओं को तय समय में पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles