निलंबित लाइसेंस के बावजूद गाड़ी चलाई तो होगी सख्त कार्रवाई, कलेक्टर-एसएसपी ने सड़क सुरक्षा को लेकर कसे अफसरों के पेंच।
पंधी मोड़ के बाद लगरा और जांजी में भी सुधरेगी सड़क, स्कूलों में चलेगा यातायात जागरूकता अभियान।
बिलासपुर। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई का शिकंजा कस रहा है। जनवरी से अक्टूबर तक जिले में नियमों के उल्लंघन पर 892 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं। अब निलंबित लाइसेंस के बावजूद वाहन चलाते पकड़े जाने पर संबंधित चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।

जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में हुई बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधार और यातायात को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उपायों पर चर्चा हुई। एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया कि लाइसेंस निलंबित होने के बाद भी वाहन चलाना गंभीर मामला है। ऐसे मामलों में पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्कूलों में विशेष अभियान चलाकर विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में सड़क की खामियों को दूर करने पर भी जोर दिया गया। पंधी मोड़ पर सीमेंट कांक्रीट से सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया गया है। इससे मोड़ पर दृश्यता बेहतर होने और वाहनों की आवाजाही अधिक सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी। वहीं, लगरा मोड़ और ग्राम जांजी में भी जल्द मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। इन स्थानों पर सुधार से दुर्घटनाओं की आशंका कम करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर, आरटीओ और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

