मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमिपूजन, 3,921 से अधिक किसानों को मिलेगा सीधा लाभ.. 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि होगी सिंचित, मोबाइल से संचालित होगी आधुनिक सिंचाई व्यवस्था।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने जशपुर के बगिया स्थित कैम्प कार्यालय में 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपये की लागत से बनने वाली बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों की खेती-किसानी को नई ताकत मिलेगी। वहीं, 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे न केवल खरीफ की खेती को मजबूती मिलेगी, बल्कि किसान रबी की फसल भी बेहतर तरीके से ले सकेंगे।

बारिश पर निर्भरता होगी कम, सालभर खेती के खुलेंगे रास्ते..
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था में किसानों और कृषि क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। किसानों की समृद्धि और उनकी आय में वृद्धि करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त सिंचाई सुविधाओं के अभाव में किसानों को अब तक काफी हद तक बारिश पर निर्भर रहना पड़ता था। बगिया बैराज परियोजना के निर्माण से इस स्थिति में बड़ा बदलाव आएगा। किसानों को खरीफ के साथ रबी फसल के लिए भी सिंचाई का पानी उपलब्ध हो सकेगा। इससे बहुफसली खेती को बढ़ावा मिलेगा और किसान अपनी कृषि आय में वृद्धि कर सकेंगे।

मोबाइल से होगी सिंचाई व्यवस्था संचालित, आधुनिक तकनीक से होगा जल प्रबंधन..
इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी आधुनिक तकनीक आधारित सिंचाई प्रणाली है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना में सिंचाई व्यवस्था का संचालन मोबाइल के माध्यम से किया जा सकेगा। छत्तीसगढ़ में इस तरह की आधुनिक तकनीक पर आधारित यह पहली परियोजना है। इससे पानी के वितरण और प्रबंधन को अधिक सुविधाजनक, प्रभावी और व्यवस्थित बनाया जा सकेगा। आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर सुविधा मिलने के साथ जल संसाधनों का भी अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी मिले और उन्हें सिंचाई की समस्या से जूझना न पड़े। समय पर पानी उपलब्ध होने से कृषि उत्पादन बढ़ेगा, खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी और किसानों के लिए आमदनी के नए अवसर तैयार होंगे।
मैनी नदी पर बनेगा बैराज, 13 गांवों की कृषि भूमि को मिलेगा लाभ..
परियोजना के तहत मैनी नदी पर स्थित पुल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर ग्राम मुसकुटी में बैराज का निर्माण किया जाएगा। इससे बगिया, रजौटी, सुजीबहार, दोकड़ा, पतरापाली, बांसबहार सहित आसपास के कुल 13 गांवों के किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में कृषि आधारित आजीविका को मजबूती मिलेगी और खेती-किसानी के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भूमिपूजन के अवसर पर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बगिया बैराज परियोजना महज एक सिंचाई योजना नहीं, बल्कि हजारों किसान परिवारों की खुशहाली और जशपुर के कृषि विकास की मजबूत आधारशिला है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जाए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

