रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के वर्ष 2002 बैच के दो वरिष्ठ अधिकारियों को प्रमुख सचिव पद पर पदोन्नत किया है। डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव वेतनमान (पे मैट्रिक्स लेवल-15) में पदोन्नति देते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
पदोन्नति के बाद डॉ. रोहित यादव को प्रमुख सचिव, वित्त विभाग के पद पर नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें प्रमुख सचिव, जनसंपर्क विभाग और अध्यक्ष, पेंशन निराकरण समिति का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। इससे पहले वे सचिव, वित्त विभाग के साथ जनसंपर्क विभाग और पेंशन निराकरण समिति के अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।

वहीं, डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। पदोन्नति से पहले वे स्कूल शिक्षा विभाग में सचिव के रूप में कार्यरत थे।
भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT), नई दिल्ली ने 13 अक्टूबर 2026 को प्रमुख सचिव वेतनमान में पदोन्नति के लिए दो रिक्त पद निर्धारित किए थे। इसी के अनुरूप छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने 19 नवंबर 2026 को दोनों अधिकारियों की पदोन्नति और नई पदस्थापना का आदेश जारी किया है।

