जशपुर। किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के पारंपरिक तरीके में बदलाव लाने की दिशा में जशपुर जिले में बड़ी पहल की जा रही है। अब खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए नहरों का जाल नहीं बिछाया जाएगा, बल्कि आधुनिक प्रेशराइज पाइप इरीगेशन नेटवर्क के जरिए सीधे खेतों के एक-एक हेक्टेयर के चक तक पानी पहुंचाया जाएगा। केंद्र सरकार की MCAD (कमांड क्षेत्र विकास एवं जल प्रबंधन का आधुनिकीकरण) योजना के तहत स्वीकृत बगिया क्लस्टर परियोजना से क्षेत्र के 13 गांवों की लगभग 4,933 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य है।
इस परियोजना का भूमि पूजन मुख्यमंत्री द्वारा मई 2026 में किया गया था और इसे जून 2027 तक पूरा करने की समय-सीमा निर्धारित की गई है। परियोजना की प्रगति और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखने के लिए 23 नवंबर को राज्य नोडल अधिकारी आलोक अग्रवाल, मुख्य अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता ने बगिया और दोकादा पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बगिया में निर्माण कार्यों की स्थिति और सामग्री की उपलब्धता का जायजा लिया, जबकि दोकादा में ट्रेंच के भीतर बिछाई जा रही पाइपलाइन की गहराई और गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने इंजीनियरों और निर्माण एजेंसी की टीम से तकनीकी पहलुओं, कार्ययोजना तथा समय-सीमा पर चर्चा कर काम में तेजी लाने और निर्धारित गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बगिया क्लस्टर परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें सिंचाई के लिए पारंपरिक नहर व्यवस्था के बजाय प्रेशराइज पाइप इरीगेशन नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। अब तक नहर आधारित सिंचाई योजनाओं में किसानों की जमीन अधिग्रहित करने की लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था। मुआवजे और अन्य औपचारिकताओं में देरी के कारण कई बार किसानों को समय पर पानी का लाभ नहीं मिल पाता था। नई व्यवस्था में पाइपलाइन के माध्यम से प्रत्येक एक हेक्टेयर के चक तक पानी पहुंचाने का प्रावधान है, जिससे निर्धारित कमांड क्षेत्र में किसानों को व्यवस्थित और समान रूप से सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित होगी।
अधिकारियों के अनुसार, देशभर में इस मॉडल के तहत 38 क्लस्टर स्वीकृत किए गए हैं और बगिया को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में मंजूरी मिली है। मध्यप्रदेश की मोहनपुरा और कुंडलिया सिंचाई परियोजनाओं के अनुभव के साथ आधुनिक तकनीक को शामिल कर इस परियोजना को विकसित किया जा रहा है। परियोजना पूरी होने पर 13 गांवों के किसानों को आधुनिक सिंचाई नेटवर्क का लाभ मिलेगा। इससे न केवल नहर निर्माण और भूमि अधिग्रहण से जुड़ी समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी, बल्कि खेतों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था भी अधिक प्रभावी और सुविधाजनक बन सकेगी।

