बैंक के 93.60 लाख रुपये उड़ाए.. पत्नी और ड्राइवर के खातों में पहुंचाई रकम, 6 साल बाद SBI का पूर्व मैनेजर गिरफ्तार..

बिलासपुर। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की कोरबा स्थित बाल्को शाखा में 93 लाख 60 हजार 797 रुपये के कथित गबन के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) एवं आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने छह साल बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा को गिरफ्तार किया है। एसीबी बिलासपुर की टीम ने आरोपी को झारखंड के दुमका स्थित उसके निवास से पकड़ा। आरोप है कि साल 2018-19 में बाल्को शाखा में पदस्थापना के दौरान सुनील कुमार झा ने बैंक के विभिन्न खातों से 93,60,797 रुपये अवैध रूप से अपनी पत्नी, वाहन चालक और अन्य खाताधारकों के खातों में ट्रांसफर किए थे।

इस मामले में एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन की शिकायत पर साल 2020 में एसीबी/ईओडब्ल्यू ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, आरोपी ने 1 जून 2018 से 1 अगस्त 2019 के बीच बैंक की बाल्को शाखा में मुख्य प्रबंधक रहते हुए अपने पद का कथित दुरुपयोग किया और बैंक को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाई।

जांच के दौरान एसीबी ने बैंक के टर्म लोन ब्याज खाते, सिस्टम सस्पेंस खाते और डिस्काउंट खाते सहित संबंधित खातों के स्टेटमेंट, मूल बैच ट्रांसफर वाउचर और डेबिट वाउचर जब्त किए। जांच में पाया गया कि इन्हीं वाउचरों के माध्यम से बैंक के खातों से रकम निकालकर आरोपी की पत्नी श्वेता झा, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर और अन्य खाताधारकों के खातों में ट्रांसफर की गई थी।

टीम ने जब्त दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(ए), 13(2) तथा भादवि की धारा 420, 467, 468 और 471 भी जोड़ी गई हैं। लगातार तलाश के बाद एसीबी की टीम ने आरोपी को दुमका, झारखंड से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लेकर आई। इसके बाद आरोपी को कोरबा के संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड मंजूर किया गया है। फिलहाल एसीबी की टीम मामले में आगे की विवेचना कर रही है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles