14 करोड़ 14 लाख की सड़क स्वीकृति सहित बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में योगदान की सराहना, छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रादेशिक सम्मेलन में किया गया सम्मानित।
बिलासपुर। पत्रकार कॉलोनी बिरकोना में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और पत्रकारों के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए गए प्रयासों को अब प्रदेश स्तर पर पहचान मिली है। कॉलोनी के विकास में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष एवं बिलासपुर प्रेस क्लब गृह निर्माण सहकारी समिति के पूर्व अध्यक्ष तथा वर्तमान उपाध्यक्ष इरशाद अली को छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रादेशिक सम्मेलन में विशेष रूप से सम्मानित किया गया। 26 नवंबर को बिलासपुर के लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में आयोजित इस सम्मेलन में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने उनके कार्यों की खुलकर सराहना की। विशेष रूप से पत्रकार कॉलोनीवासियों के लिए हाल ही में स्वीकृत 14 करोड़ 14 लाख रुपये की सड़क परियोजना के लिए किए गए प्रयासों को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें बधाई दी। उपमुख्यमंत्री ने इरशाद अली की सक्रियता, जुझारूपन और सकारात्मक कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि समर्पण और निरंतर प्रयासों से किए गए कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं।

सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पत्रकारों और संगठन के पदाधिकारियों ने पत्रकारिता से जुड़ी चुनौतियों, पत्रकारों के अधिकारों, उनकी एकजुटता और सामाजिक सरोकारों पर विचार साझा किए। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सुशांत शुक्ला, छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द अवस्थी, प्रदेश महासचिव विश्व दीपक राई, रवि शुक्ला और राजेश मिश्रा सहित अनेक पदाधिकारी एवं पत्रकार मौजूद रहे।

इस दौरान पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई। सम्मान समारोह में इरशाद अली के पत्रकार कॉलोनी बिरकोना के विकास के लिए किए गए प्रयासों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। वहीं, उपमुख्यमंत्री अरुण साव की सराहना ने उनके योगदान को नई पहचान दी। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पूर्व सचिव दिलीप यादव, जेपी अग्रवाल, लोकेश वाघमारे, मनीष शर्मा, विनय मिश्रा, संजीव सिंह, जियाउल्लाह खान, गंगा मानिकपुरी, संतोष सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ और युवा पत्रकार उपस्थित रहे।

