बिलासपुर। बेटे को मेडिकल पीजी कॉलेज में दाखिला दिलाने का सपना दिखाकर एक पिता से 1 करोड़ 29 लाख 34 हजार रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने मेडिकल पीजी में एडमिशन कराने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग किश्तों में लाखों नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये वसूल लिए। रकम लेने के बाद न तो बेटे का दाखिला कराया और न ही पैसे वापस किए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, अज्ञेय नगर निवासी आरिफ खान अपने बेटे का मेडिकल पीजी कॉलेज में एडमिशन कराने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान दो व्यक्तियों ने उनसे संपर्क किया और बेटे को मेडिकल पीजी में दाखिला दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोपियों के आश्वासन पर विश्वास करते हुए आरिफ खान ने अलग-अलग किश्तों में कुल 1 करोड़ 29 लाख 34 हजार रुपये दे दिए। इतनी बड़ी रकम देने के बाद भी जब बेटे का एडमिशन नहीं हुआ तो उन्होंने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दोनों के मोबाइल नंबर लगातार बंद मिले। काफी प्रयासों के बाद भी जब न एडमिशन हुआ और न ही रकम वापस मिली तो पीड़ित ने पुलिस की शरण ली। सिविल लाइन पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पंकज पटेल, (ASP बिलासपुर)

